साइबर टीम ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। मंगलवार शाम करीब सात बजे सोनीपत सीआईए ने जींद पुलिस की सहायता से उस मकान का पता लगा लिया, जहां अपराधी छिपे हुए थे।
इस पर जब पुलिस ने दबिश दी तो मकान में छिपे चार अपराधियों ने चाकूओं से पुलिस पर हमला कर दिया और फरार होने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने फायरिंग करते हुए बदमाशों को दबोचने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। इसके जवाब में जब पुलिस ने फायरिंग की तो एक बदमाश घायल हो गया, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
सोनीपत के एसपी जश्नदीप रंधावा के मुताबिक एक बदमाश की मौत हो गई और एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो फरार हैं। सूत्रों के अनुसार दो बदमाशों को काबू किया है, जबकि एक फरार है। इस दौरान सोनीपत साइबर सेल के निरीक्षक प्रशांत और सोनीपत सीआईए निरीक्षक अनिल कुमार भी घायल हुए हैं।
बुटाना चौकी क्षेत्र में रात को गश्त पर निकले दोनों जवानों की जनसुरक्षा में शहादत हुई है। दोनों को शहीद का दर्जा दिया जाएगा। दोनों के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। हत्यारोपियों को कड़ी सजा दिलवाई जाएगी।
- मनोज यादव, डीजीपी
- दोनों जवानों के गर्दन और सीने पर तेजधार हथियार से वार किए गए हैं। रविंद्र के शरीर पर पांच और कप्तान सिंह के शरीर पर हमले के चार निशान मिले हैं।
- सड़क पर बिखरे खून में चार पहिया वाहन के टायर के निशान मिले हैं।
- घटनास्थल के पास शराब की बोतल, पानी व अन्य सामान भी पड़ा मिला है।
- हमलावरों से हुई झड़प में दोनों जवानों की वर्दी के बटन भी टूट हुए हैं।
गाड़ी में आरोपी युवकों के साथ युवतियां भी थी मौजूद
पुलिस सूत्रों के अनुसार जींद-रोहतक रोड स्थित घर से मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए आरोपियों ने पूरी वारदात का खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि सोमवार रात को उनकी आई 10 ग्रैंड कार में चार युवक और दो युवतियां सवार थी। सभी शराब पी रहे थे और संदिग्ध परिस्थितियों में गाड़ी में मौजूद थे।
इसी दौरान वहां पुलिस के दो जवान बाइक पर गश्त करते हुए आए। उन्होंने आरोपियों को धमकाते हुए चौकी ले जाने की बात कही, इस पर उनकी पुलिस कर्मियों के साथ झड़प हो गई। इस दौरान उन्होंने चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हत्या के बाद आरोपी कार से फरार हो गए। जांच में सामने आया कि आरोपियों पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।
सिपाही रविंद्र व एसपीओ कप्तान की हत्या के बाद यहां पहुंचे परिजन व ग्रामीण जहां गमगीन थे, वहीं इस घटना को लेकर उनके अंदर गुस्सा भी साफ दिखाई दिया। यही कारण था कि दोनों के परिजनों ने साफ कहा कि जिस तरह से उनके बेटों को मारा गया है, उसी तरह से पुलिस सभी आरोपियों को मारकर बदला ले।
इस घटना में शामिल सभी अपराधियों के मरने के बाद ही सिपाही रविंद्र व एसपीओ कप्तान को न्याय मिलेगा। क्योंकि इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा नहीं मिली तो लोगों के अंदर से पुलिस का डर खत्म हो जाएगा और इस तरह के अपराध होते रहेंगे। इसके साथ ही आम लोगों की सुरक्षा करने वाले पुलिस कर्मियों का मनोबल बनाए रखने के लिए भी ऐसे अपराधियों का मरना ही समाज के लिए बेहतर होता है।
बुढ़ा खेड़ा के सरपंच सुरेश व पिता भीम सिंह ने कहा कि जिस बेरहमी से उनके बेटे रविंद्र को मारा गया है, उस तरह सभी आरोपियों को मारकर पुलिस को बदला लेना चाहिए। क्योंकि इस तरह आम लोगों की सुरक्षा में रात के समय ड्यूटी करने वाले पुलिस वालों की बेरहमी से हत्या करना एक जघन्य अपराध है। अपराधियों को कड़ी सजा नहीं मिली तो वह इस तरह के अपराध करते रहेंगे। इसलिए इस घटना में शामिल सभी अपराधियों के मरने के बाद ही दोनों को न्याय मिलेगा।
कलावती गांव के सरपंच पति तेजसिंह व एसपीओ कप्तान के पारिवारिक भाई बिजेंद्र ने कहा कि इस घटना को अंजाम देने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इसके साथ ही शहीद होने वाले दोनों पुलिस कर्मियों के परिवार वालों को नौकरी व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार को कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। क्योंकि दोनों परिवारों का गुजारा उनके सहारे ही चल रहा था।
--