पूर्व सैनिक और अर्द्धसैनिक बल के पूर्व जवान बनेंगे विशेष पुलिस अधिकारी, भर्ती आज से
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। पूर्व सैनिकों और अर्द्ध सैनिक बल के पूर्व जवानों को जिला पुलिस में विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) के तौर भर्ती किए जाने का मौका दिया गया है। एसपीओ के 250 पदों के लिए यह भर्ती 20 फरवरी से पुलिस लाइन में शुरू होगी। इसके लिए एसपी प्रतीक्षा गोदारा की देखरेख में तैयारियां की गई हैं। भर्ती होने वाले पूर्व जवानों को मासिक मानदेय के तौर पर 18 हजार रुपये और जूते और वर्दी भी सरकार की ओर से दी जाएगी।
एसपी प्रतीक्षा गोदारा ने बताया कि 20 फरवरी को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक पुलिस लाइन में कोई भी पूर्व सैनिक और अर्द्धसैनिक बल का पूर्व जवान जो निर्धारित नियम व शर्तों को पूरा करता हो वह अपना आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त किए गए आवेदनों की जांच के बाद आवेदक पूर्व सैनिकों की पुलिस लाइन में भर्ती की जाएगी। एसपी ने बताया कि कोई भी पूर्व सैनिक और केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल का जवान जिसकी उम्र 25 से 50 वर्ष के बीच हो और उसे अनुशासनहीनता, कदाचार, चिकित्सा अस्वस्थता के कारण सेवा से न हटाया गया हो। एसपीओ के तौर पर भर्ती होने वालों को एक वर्ष की अवधि के लिए हरियाणा सरकार से निर्धारित मासिक मानदेय 18000 रुपये दिए जाएंगे।
जूते और वर्दी के लिए मिलेंगे 3 हजार रुपये
एसपी के अनुसार चयनित विशेष पुलिस अधिकारी को दो जोड़ा वर्दी, एक जोड़ी जूते और वर्दी से संबंधित अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए 3 हजार रुपये केवल एक बार में नगद दिए जाएंगे। चयनित विशेष पुलिस अधिकारियों को आकस्मिक अवकाश हरियाणा पुलिस के नियम अनुसार ही दिया जाएगा।