शुगर मिल 12 घंटे चलकर अब चेन टूटने से बंद, किसानों का हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शुगर मिल में मशीन का बेयरिंग टूटने के कारण पिछले तीन दिन से गन्ना पेराई नहीं होने से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। मिल को ठीक करके वीरवार रात चालू किया गया। लेकिन मिल करीब 12 घंटे चलने के बाद शुक्रवार सुबह मशीन की चेन टूटने से फिर बंद हो गई। जिससे गन्ना पेराई बंद होने पर किसानों ने हंगामा कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीसी विनय सिंह ने चेन ठीक किए जाने के बाद मिल चालू कराई, तब किसान शांत हुए।
दी सोनीपत को-आपरेटिव शुगर मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने पर 15 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद मशीनें नहीं चल रही हैं। करीब 15 दिन पहले भी शुगर मिल में पेराई बंद हो गई थी, जिसके बाद मिल को किसी तरह चलाया गया था। लेकिन अब चार दिन से किसानों की परेशानी बढ़ी हुई है। किसानों के हंगामे के बाद मिल को वीरवार रात को चालू कर दिया गया था। उसके बाद रात भर मिल सही चला, शुक्रवार सुबह अचानक मिल में मशीन की चेन टूट गई। जिसके चलते गन्ना पेराई का कार्य बंद हो गया। लगातार मिल में मशीनों में आ रही खराबी से पेराई का कार्य बाधित होने से किसानों को परेशानी हो रही है। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को फिर किसानों ने हंगामा कर दिया। दोपहर के समय एमडी सुरेंद्र दून ने फिर किसानों को समझाया। इस दौरान किसानों ने केबाउट कंपनी को मिल से बाहर करने की मांग की। इस पर एमडी सुरेंद्र दून ने कहा कि उनके 5-5 लाख क्विंटल गन्ने को गोहाना व रोहतक की मिल में भेजा जाएगा। इसको लेकर शुगरफेड की ओर से आदेश जारी हो चुके हैं। काफी देर तक एमडी के समझाने के बाद किसान शांत हुए। हंगामे की सूचना के बाद डीसी विनय सिंह भी दोपहर बाद मिल में किसानों के बीच पहुंचे। इस पर किसानों की समस्याओं को सुना। शुक्रवार शाम चेन ठीक होने के बाद डीसी ने स्वयं अपने सामने मिल को चालू कराया, ताकि किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।