प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना का पांच को होगा शुभारंभ, डीसी ने अफसरों की मीटिंग ली
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। डीसी डॉ. शालीन ने कहा कि जिले में अब तक प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत 2560 से अधिक श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। जिला में पंजीकरण व कार्ड वितरण का कार्य 15 फरवरी से सभी सीएससी पर किया जा रहा है। सीएससी सेंटरों पर यह सेवा शुरू होने से पात्र लाभार्थियों तक अब इस योजना का लाभ आसानी से पहुंचने लगा है। डॉ. शालीन शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में योजना की समीक्षा को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी इस योजना का शुभारंभ 5 मार्च को 11:30 बजे नई दिल्ली से करेंगे। वहीं सीएम मनोहर लाल 10:30 बजे पंचकूला से कार्यक्रम शुरू करेंगे। सोनीपत में लघु सचिवालय में शुभारंभ समारोह आयोजित होगा।
डीसी डॉ. शालीन ने बताया कि सरकार द्वारा प्रदेशभर के श्रमिकों व कामगारों को आर्थिक सहायता देने की ऐतिहासिक पहल की गई है। सीएम मनोहर लाल ने पिछले दिनों अंत्योदय के लक्ष्य से जुड़ी बड़ी घोषणा की है जिसके तहत केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में घोषित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत श्रमिक के हिस्से की राशि राज्य सरकार वहन करेगा। श्रमिकों को केवल अपना पहला अंशदान जमा करवाना होगा बाकी अंशदान राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बजट में उम्र के अनुसार 55 रुपये मासिक से लेकर 200 रुपये मासिक अंशदान का प्रावधान किया था। जितनी राशि श्रमिक जमा करवाएंगे उतनी ही राशि केंद्र सरकार को जमा करवानी थी लेकिन सीएम मनोहर लाल ने राज्य में श्रमिक कामगार का हिस्सा जमा करवाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार को दे दी है। अब श्रमिक को पहले अंशदान के अलावा कोई पैसा जमा नहीं करवाना पड़ेगा। पंजीकरण के समय श्रमिक को आधार कार्ड की प्रति, बैंक खाता नंबर की प्रति एवं मोबाइल नंबर सीएससी पर देना होगा। उपायुक्त ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन श्रमिकों ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं करवाया है वह जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाएं।
उन्होंने एडीसी जयबीर सिंह आर्य को निर्देश दिए कि वह सभी बीडीपीओ के माध्यम से जितने भी मनरेगा श्रमिक हैं उनका रजिस्ट्रेशन भी इस योजना के तहत करवाएं। इसके साथ ही नगर निगम के संयुक्त आयुक्त शंभू राठी को निर्देश दिए कि वह स्ट्रीट वेंडर, रेहड़ी व अन्य श्रमिकों का भी रजिस्ट्रेशन करवाएं। उन्होंने जीएमडीआईसी व डीएफएससी सहित अन्य विभागों से जुड़े श्रमिकों के भी रजिस्ट्रेशन करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम विजय सिंह, आशीष वशिष्ठ, श्वेता सुहाग, सुरेंद्र पाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।