प्रदूषण से फसल खराब होने पर विधायक जयतीर्थ संग धरने पर बैठे किसान
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडली। प्रदूषण से फसल बर्बाद होने पर शुक्रवार को कई गांवों के किसानों ने गांव नाथुपुर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों के समर्थन में कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया भी उनके साथ धरने पर बैठे। किसानों ने खराब फसल की स्पेशल गिरदावरी कराकर मुआवजा व प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किसानों का आरोप है कि फैक्ट्री संचालक अवैध तरीके से बोरिंग कर जमीन में प्रदूषित पानी डालते हैं, जिससे जल प्रदूषित हो चुका है और वायु प्रदूषण भी काफी बढ़ रहा है।
किसान जगबीर, प्रवीण पंडित, विकास, विरेंद्र, सतपाल, राकेश, सुखवेंद्र, रवि गुलिया, डा. जगदीश आदि ने बताया कि सबोली, प्रीतमपुरा, नाथुपुर के किसान सब्जी की फसल पर निर्भर हैं। दूषित पानी के कारण कई गांवों की फसलों में बीमारी लगी हुई है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि फसल बर्बाद होने के अलावा लोगों में कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां फैल रही हैं। जिससे सबोली गांव में 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 ग्रामीण कैंसर से ग्रस्त हैं। खेतों में फसल बर्बाद व लोगों में बीमारी फैलने के कारण किसान गांवों से पलायन करने व आत्महत्या करने को मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बाद भी सरकार किसानों की समस्या का समाधान कराने की ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है, किसान कर्ज के नीचे दबते जा रहे हैं। किसानों ने कहा कि बर्बाद फसल की स्पेशल गिरदावरी कराकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया ने नाथुपुर में धरने पर पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। विधायक ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए गंभीर नहीं है, जिससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। किसान कई बार फैक्ट्रियों से जल व वायु प्रदूषित होने की शिकायत कर चुके हैं, उसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। किसानों को स्पेशल गिरदावरी कराकर मुआवजा दिया जाए।