-सिक्का कालोनी में स्थानीय युवकों ने तैयार किया था पुतला
-दिन में नया पुतला बनाकर शाम को किया गया दहन
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर ही सिक्का कालोनी में देर रात कुछ शरारती तत्वों ने रावण के पुतले का दहन कर दिया। उन्होंने रात को वहां बैठे चौकीदार से मारपीट भी की। बाद में युवक फरार हो गए। घटना को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। हालांकि पुलिस को इस बारे में शिकायत नहीं दी गई है।
सिक्का कालोनी स्थित युवा मित्र मंडली हनुमान समिति के सदस्य तनिष, चैतन्य, यश, जतिन व सचिन ने बताया कि उनकी समिति ने सिक्का कालोनी में रावण का करीब 20 फुट का पुतला बनाया था। वीरवार रात को पुतला खड़ा कर दिया गया था। रात को पुतले की सुरक्षा के लिए चौकीदार रामू को वहां बैठाया गया था। रामू ने उन्हें बताया कि शुक्रवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कार सवार चार युवक उसके पास आए थे। कार से दो युवक नीचे उतरे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह उनसे छुड़ाकर भागने लगा तो युवकों ने उससे माचिस छीन ली। उसके भागने के बाद युवकों ने रावण के पुतले में आग लगा दी। बाद में युवक वहां से फरार हो गए। उसने मामले से सिक्का कालोनी में जाकर समिति सदस्यों को अवगत कराया। शुक्रवार को कालोनी के लोगों ने घटना को लेकर रोष जताया।
दिन में ही तैयार किया गया रावण
रात को असामाजिक तत्वों द्वारा रावण दहन किए जाने के बाद शुक्रवार को समिति सदस्यों ने दिन में ही रावण के पुतले का निर्माण कराया। समिति सदस्यों का कहना था कि बुराई पर अच्छाई की जीत के पर्व को उन्हें धूमधाम से मनाना था। जिसके चलते ही दिन में रावण के पुतले का निर्माण कराकर उसे शाम को जलाया गया।
वर्जन
रावण के पुतले को शरारती तत्वों द्वारा जलाए जाने की कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सवित कुमार, चौकी प्रभारी सेक्टर-14 सोनीपत।
फोटो : 29 : सिक्का कालोनी में रात को असामाजिक तत्वों द्वारा जलाए गए रावण को दिखाकर रोष जताते लोग।