जाट धरना नहीं देते तो अब तक जिला बन जाता गोहाना: रमेश
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि अगर गांव लाठ-जौली चौक पर जाटों की ओर से धरना व आगजनी नहीं होती तो अब तक गोहाना जिला बना दिया जाता। उन्होंने कहा कि गोहाना को जिला बनाने के लिए अब एक सब डिविजन और चाहिए, लेकिन गन्नौर, खरखौदा, जुलाना, सफीदों गोहाना में आने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि वह गोहाना को जिला बनाने का समर्थन करते हं।
12 अगस्त को होने वाली धन्यवाद रैली को लेकर रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में यूरिया थाने में बांटा जाता है, लेकिन अब यूरिया भरपूर है। धान पर एक साथ दो सौ रुपये किसी सरकार ने नहीं बढ़ाए, जो भाजपा सरकार ने कर दिखाया। 1 नवंबर से बुढ़ापा, वृद्धा, दिव्यांग आदि की पेंशन को दो हजार रुपये कर दिया जाएगा। 2022 तक किसानों की आय सरकार डबल कर देगी। उन्होंने कहा कि जब गोहाना के बाहर से दिल्ली, खरखौदा, गोहाना, जींद, कैथल होते हुए चंडीगढ़ तक आठ लेन मार्ग का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से लोगों के स्वास्थ्य के कार्ड बनाए जाएगें, जिस पर 5 लाख तक का उपचार निशुल्क होगा। इस दौरान चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, मीना नरवाल, गुलशन विरमानी, इंद्रजीत विरमानी, बलजीत मलिक, डॉ. ओमप्रकाश शर्मा, विजेंद्र सैनी, सरपंच आजाद जागसी, सरपंच सुरेंद्र सूरा आदि मौजूद रहे।