गन्नौर लघु सचिवालय में खुलेगा ई-दिशा केंद्र, एक ही जगह मिलेगी सभी सुविधाएं
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। लघु सचिवालय गन्नौर में जल्द एक ही जगह लोगों को सुविधाएं मिलेगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से 20.5 लाख की लागत से ई-दिशा केंद्र का निर्माण किया जाएगा। निर्माण को लेकर पीडब्ल्यूडी ने टेंडर लगाया है। टेंडर अलॉट होने के बाद ई-दिशा केंद्र को बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदेशभर में सभी उपमंडल स्तर के सभी लघु सचिवालयों में लोगों की सुविधा के लिए ई-दिशा केंद्र स्थापित किए जा रहे है। गन्नौर लघु सचिवालय में ई-दिशा केंद्र न होने से लोगों को अपने काम के लिए सरकारी कार्यालयों के दफ्तर में चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लोगों को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए ही लघु सचिवालय में ई-दिशा केंद्र खोलने की तैयारी की जा रही है। ई-दिशा केंद्र बनने के बाद लोगों को अपने काम के लिए जगह-जगह धक्के खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके बाद लोगों के कार्य भी जल्द से ई-दिशा केंद्र के अंदर खोली जाने वाली खिड़कियों पर आसानी से हो सकेंगे।
मिलेगी सभी सुविधाएं, दलालों से मिलेगा छुटकारा
ई-दिशा केंद्र में बिना किसी देरी के लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार नंबर की प्रति व नकल जमाबंदी सहित सभी दस्तावेज लोगों को मुहैया कराए जांएगे। इसके माध्यम से क्षेत्र के लोगों को तुरंत विशेष सुविधा मिलेगी और दलालों से छुटकारा मिलेगा।
वर्जन
लघु सचिवालय में ई-दिशा केंद्र के निर्माण के लिए करीब 20.5 लाख रुपये का टेंडर लगाया गया है। टेंडर अलॉट होने पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ई-दिशा केंद्र के बनने से लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-आरसी दहिया, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी