क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के विरोध में लैब संचालकों ने रखी हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सरकार की ओर से लागू किए जाने वाले क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के विरोध में जिले भर के लैब संचालकों ने हड़ताल रखी। इस दौरान सोनीपत मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नोलोजिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के आह्वान पर सभी लैबोरेट्री पर ताले लटके रहे। लैब संचालकों ने करनाल में सीएम आवास पर जाकर धरना दिया। लैब संचालकों ने कहा कि सरकार के आदेश हैं कि लैब तकनीशियन टेस्ट करके एमबीबीएस चिकित्सक से रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करवाकर मरीजों को उक्त रिपोर्ट सौंपना होगा।
सोनीपत मेडिकल लैबोरेट्री टेक्नोलोजिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रमेश आंतिल ने कहा कि सरकार ने लैब संचालकों पर तुगलकी फरमान जारी कर दिए हैं। जिसे किसी भी सूरत में पूरा नहीं किया जा सकता। ऐसा होने से हजारों की संख्या में लैब कर्मचारी भूखे मरने की कगार पर आ जाएंगे। संचालकों ने कहा कि सरकार तुरंत ही एक्ट में संशोधन कर इस आदेश को वापस लें। इसी को लेकर मंगलवार को जिलेभर में सभी लैबोरेट्री बंद रहने से मरीजनों को टेस्ट करवाने के लिए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिनभर मरीज टेस्ट करवाने के लिए भटकते रहे।