अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत/गोहाना।
मिस वर्ल्ड बनीं मानुषी छिल्लर का गोहाना के साथ दोहरा रिश्ता है। वहां के बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज से जहां वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं, वहीं मानुषी जागसी गांव के चंद्रसिंह सहरावत की दोहती है। इस तरह मानुषी के मिस वर्ल्ड बनने पर मेडिकल कॉलेज में खुशी का माहौल है और वहां रविवार को जश्न मनाने की तैयारी कर ली गई है। वहीं जागसी में भी दोहती के मिस वर्ल्ड बनने पर जश्न मनाने की तैयारी है, क्योंकि इतनी बड़ी खुशी को हर कोई अच्छी तरह मनाना चाहता है।
भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा मानुषी छिल्लर के मिस वर्ल्ड बनने पर खुशी का माहौल है। मानुषी के मिस वर्ल्ड बनने पर सबसे ज्यादा खुशी उसकी साथी छात्राओं को हुई है जो उसके साथ बैठकर पढ़ाई करती थीं और उसके साथ ही ऑप्रेरशन ट्रेनिंग करती थीं। वह छात्राएं मानुषी के वापस लौटने पर जोरदार स्वागत की तैयारी कर रही हैं, जिससे वह मिस वर्ल्ड के साथ कुछ समय भी बिता सकें।
मानुषी की साथी छात्राएं अंजलि, मुस्कान आदि ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि एक साल पहले कैंपस प्रिंसिज चुनी जाने वाली मानुषी मिस वर्ल्ड का ताज सिर पर रखकर लाएगी। साथी छात्राओं ने बताया कि मानुषी हार्ड वर्क करने वाली रही हैं और उसका व्यवहार हमेशा सभी के साथ अच्छा रहता है। वह किसी भी काम के लिए इंकार नहीं करती हैं और वह मेहनती होने के साथ ही मिलनसार हैं। छात्राओं ने यह भी बताया कि मानुषी डांस भी काफी अच्छा करती हैं और वह उसको कई बार नाचता हुआ देख चुकी हैं। छात्राओं ने मानुषी के कॉलेज आने पर जोरदार स्वागत करने की बात कही।
मानुषी ने किया कॉलेज का नाम रोशन
मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. पीएस गहलोत ने बताया कि मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का ताज पहनकर कॉलेज का नाम विश्व में ऊंचा किया है। संस्थान की किसी छात्रा ने पहली बार मिस वर्ल्ड का खिताब जीता है। कॉलेज में खुशील का माहौल बना हुआ है। मानुषी छिल्लर से यही उम्मीद है कि भविष्य में भी इसी तरह विश्व में अनेक खिताब जीतकर कॉलेज व देश का नाम ऊंचा करें। मानुषी के मिस वर्ल्ड बनने पर रविवार को जश्न मनाया जाएगा।
मानुषी के चाचा-चाची भी डॉक्टर
मानुषी के चाचा-चाची भी चिकित्सक हैं और वह दोनों संयोगवश वर्तमान में गोहाना में ही नियुक्त हैं। चाचा डॉ. दिनेश छिल्लर गोहाना के नागरिक अस्पताल में कार्यरत हैं तो चाची डॉ. ऊषा कटारिया महिला मेडिकल कॉलेज के स्किन डिपार्टमेंट की एचओडी हैं। मानुषी के परिजन कहते हैं कि मिस वर्ल्ड बनना केवल मानुषी का सपना नहीं था, बल्कि वह भी उसके सिर पर मिस वर्ल्ड का ताज देखना चाहते थे।