लोगों को पेयजल और सड़क तक नसीब नहीं हो रही: परूथी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रवि परूथी ने कहा कि शहर के कोट मोहल्ला इलाके के लोगों को पेयजल व सीवरेज जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। भाजपा नेताओं ने वोट के समय लोगों को खूब सपने दिखाए और अब काम निकलने पर इस इलाके की सुध तक नहीं ली जा रही है। जिससे यहां लोगों को नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेता रवि परूथी शनिवार शाम को कोट मोहल्ला में पहुंचे थे, जहां लोगों ने उनके सामने वहां की समस्याएं रखी। लोगों ने बताया कि उनके यहां न सीवरेज लाइन है और न सड़क बनी है। ऐसे में लोग स्लम बस्ती की तरह यहां रह रहे हैं। जबकि यह शहर की सबसे पुरानी कालोनियों में शामिल है। वहां पेजयल की लाइन है, वह भी बरसों पुरानी है और रोजाना लीकेज के कारण लोगों के घरों में दरार आ रही हैं। लोगों ने कहा कि चुनाव के समय में भाजपा उम्मीदवार का विरोध किया जाएगा। जिसपर रवि परूथी ने कहा कि उनकी समस्याओं को लेकर वह साथ खड़े है और अधिकारियों के पास जाकर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में समाज का हर वर्ग दुखी है। सड़क, सीवरेज व पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी यहां मुहैया नहीं हो सकती है तो ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने उन्हें मौका दिया और सरकार बनी तो वहां का विकास सेक्टर की तर्ज पर किया जाएगा। इस दौरान बलदेव सिंह, रामस्वरूप, रामचंद्र, कश्मीरी लाल, युवा नेता कर्ण परूथी, आशीष, जसवंत, प्रवीन, प्रीतम, शिवम सैनी, हिमांशु, नीरज, सागर, बिजेंद्र अटकाल, सुरेंद्र नैय्यर आदि मौजूद रहे।