स्कूल में सफाई करते बच्चों का वीडियो बनाकर ग्रामीण ने फेसबुक पर किया वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोदा में शिक्षकों द्वारा बच्चों से कराई जा रही सफाई का वीडियो ग्रामीण ने अपने मोबाइल में बनाया और उसे फेसबुक पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद सरकारी स्कूल लोगों के लिए निशाना बन गए हैं और लोग वीडियो को देखने के बाद अनेक तरह के कॉमेंट भी कर रहे हैं।
गांव बरोदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों ने बच्चों को ग्राउंड में उगी घास, झाड़ियां व कमरों के सामने पड़ी मिट्टी उठाने के लिए काम पर लगा दिया। एक ग्रामीण ने इस नजारे को देखा और उसने अपना मोबाइल वीडियो मोड पर करके इस सारे मामले को वीडियो बना ली। ग्रामीण वीडियो में बच्चों से कहता नजर आ रहा है कि वह यहां पर पढ़ने आते है या काम करने, ग्रामीण को वीडियो बनता देखकर पास खड़े शिक्षकों ने बच्चों को कक्षाओं में भेज दिया। ग्रामीण ने वीडियो को अपनी फेसबुक पर वायरल कर दिया।
---
अगर इस तरह का मामला सरकारी स्कूल बरोदा में हुआ है तो वह मामले की जांच करेंगे। शिक्षा विभाग ऐसे कार्य बच्चों से कराने के निर्देश नहीं देता है। संबंधित शिक्षक को इस बारे में तलब करेंगे।
- जिले सिंह शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी।