अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल की 8वीं क्वार्टर मैराथन 22 जनवरी को कराई जाएगी। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये का नकद और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। क्वार्टर मैराथन में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया जाएगा। मैराथन में भाग लेने वाले ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिवर्ष बसंत पंचमी के अवसर पर क्वार्टर मैराथन का आयोजन किया जाता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे क्वार्टर मैराथन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। विश्वविद्यालय के खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि क्वार्टर मैराथन विश्वविद्यालय से प्रारंभ होकर सेक्टर 7 स्थित जिमखाना क्लब के पास जाकर समाप्त होगी। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 6100 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 4100 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएगें, जिनमें प्रत्येक को 1100 रुपये नकद और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। लड़के और लड़कियों की प्रतिस्पर्धा के लिए अलग-अलग पुरस्कार व प्रमाण पत्र विवि की ओर से प्रदान किए जाएंगे। मैराथन के फार्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। जो प्रतिभागी मैराथन में भाग लेना चाहते हैं, वे अपना आवेदन विश्वविद्यालय के खेल निदेशक के कार्यालय में दे सकते हैं। इसके अतिरिक्त क्वार्टर मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागी ऑनलाइन भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।