टेबल टेनिस में गुरुग्राम ने रोहतक को किया पराजित
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। ब्राइट स्कॉलर स्कूल में 51वीं हीरो हरियाणा राज्य स्तरीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का समापन हुआ। छह दिवसीय प्रतियोगिता में 18 जिलों के करीब 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। टीम इवेंट में पुरुष चैंपियनशिप में फरीदाबाद ने रोहतक को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की तो वहीं महिला चैंपियनशिप में गुरुग्राम ने रोहतक को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। फाइनल मुकाबलों में कैडेट गर्ल्स सिंगल में सुहाना सैनी (रोहतक), कैडेट बॉयज सिंगल में सिद्धांत (गुरुग्राम), सब जूनियर गर्ल्स सिंगल में सुहाना सैनी (रोहतक), सब जूनियर ब्वॉयज सिंगल में राहुल मालिक (गुरुग्राम), गर्ल्स सिंगल (अंडर-18) में अंजलि रोहिल्ला (रोहतक), ब्वॉयज सिंगल (अंडर-18) में गौरांग रोहतक ने बाजी मारी। यूथ गर्ल्स सिंगल में रीति शंकर और यूथ ब्वायज सिंगल में गौरांग ने जीत दर्ज की। सिंगल वर्ग के फाइनल मैच में जुबिन कुमार (फरीदाबाद) ने सार्थक गांधी (गुरुग्राम) को हराया। प्रतियोगिता में एशियन टेबल टेनिस यूनियन के कोषाध्यक्ष धनराज चौधरी में बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को सम्मानित किया। साथ ही एसोसिएशन के सभी सदस्यों को शॉल और स्मृति चिह्न दे कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर टेबल टेनिस एसोसिएशन द्वारा विद्यालय प्रबंधक समीक्षा पंवार, वाइस चेयरमैन ललित पंवार, प्रधानाचार्या किरण दलाल को स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। इस मौके पर हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के महासचिव एमपी सिंह, विकास सैनी और डॉ. वीरेंद्र राणा मौजूद रहे।