गोहाना बार अध्यक्ष पद के लिए भरा पहला नामांकन
गोहाना। गोहाना बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर वीरवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन एक ही नामांकन दाखिल किया गया।
बार एसोसिएशन के चुनाव 5 अप्रैल को होने हैं। गोहाना में इन चुनावों के लिए निर्वाचन अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता इंद्र सिंह भनवाला बनाए गए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी मंजीत लठवाल हैं। चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और सह-सचिव के 4 पदों के लिए होना है। 3 दिन चलने वाली नामांकन प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो गई है जो 16 मार्च तक जारी रहेगी। पहले दिन केवल एक ही नामांकन आया। यह नामांकन अध्यक्ष पद के लिए अधिवक्ता रामफल मोर ने दाखिल किया। निर्वाचन अधिकारी भनवाला ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 18 मार्च को होगी। नामांकन 19 मार्च को 3 बजे तक वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 5 अप्रैल को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।