छिछड़ाना के ग्रामीणों ने की प्लाटों पर कब्जा दिलाने की मांग
2008 में सरकार की ओर से प्लाट देने की हुई थी घोषणा, 2009 में सरपंच द्वारा 120 ग्रामीणों के प्लाटों की कराई थी रजिस्ट्ररी, अब तक नहीं मिला कब्जा
अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। छिछड़ाना गांव के ग्रामीणों ने 100-100 गज के प्लाटों को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों से उनके प्लाटों पर कब्जा दिलाए जाने की मांग की। ग्रामीण मांग को लेकर एसडीएम सुभिता ढाका से भी मिले।
ग्रामीण आजाद, राजबीर, राजेश, रामपाल, सुभाष, वीरमति, मीना, ममता आदि ने प्लाटों पर रजिस्ट्री मिलने के बाद प्लाटों पर कब्जा नहीं दिलवाए जाने पर रोष जताया। राजबीर ने कहा कि वर्ष 2008 में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले लोगों को सरकार की ओर से प्लाट देने की घोषणा की थी। राजेश ने कहा कि उसके बाद 2009 में सरपंच द्वारा 120 ग्रामीणों के प्लाटों की रजिस्ट्ररी करवा दी गई थी। रामपाल ने कहा कि लेकिन अभी तक उन्हें प्लाटों पर कब्जा नहीं मिला है। ग्रामीणों ने कहा कि प्लाटों पर कब्जा दिलवाए जाने की मांग को लेकर वह कई बार पंचायत अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने मंगलवार को एसडीएम सुभिता ढाका से मिल समस्या का समाधान कराने की मांग की।