अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
जीएसटी को भले ही व्यापारी फायदेमंद मान रहे हों, लेकिन वह इसके लिए रजिस्ट्रेशन तक नहीं करा रहे हैं। व्यापारियों के लिए जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने का वीरवार को आखिरी दिन है। बावजूद उसके 5586 अपना रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके। सरकार ने 15 जून तक रजिस्ट्रेशन कराने का व्यापारियों को आखिरी मौका दिया था, क्योंकि एक जुलाई से जीएसटी लागू किया जाना है। रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले व्यापारियों को आगे सामान खरीदने व बेचने में दिक्कतें उठानी पड़ सकती हैं।
जिले में कुल 12877 व्यापारी हैं, जिनमें से 7291 व्यापारी ही जीएसटी के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करवा चुके हैं। 2919 व्यापारियों ने अभी तक जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन ही नहीं किया है। वहीं, 2667 व्यापारियों ने अभी तक जीएसटी रजिस्ट्रेशन के लिए केवल लॉग इन बनाया है। इनको रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पेनकार्ड, आधार कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, केंसिल चेक, सर्विस टैक्स, एक्साइज टैक्स, वैट रजिस्ट्रेशन की प्रति, जीएसटी की साइट पर अपलोड करना बाकी है। इन जरूरी कागजों के अपलोड करने के बाद ही व्यापारी का जीएसटी रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।
नोटिस भेजने के बावजूद नहीं जागे व्यापारी
विभाग की ओर से जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने की प्रक्रिया 16 दिसंबर से शुरू हुई थी। फरवरी में विभाग की ओर से रजिस्ट्रेशन के लिए व्यापारियों को एक बार नोटिस जारी किया गया। उसके बाद अब एक से 15 जून तक व्यापारियों को रजिस्ट्रेशन के लिए दूसरा मौका दिया गया, लेकिन उसके बावजूद 12877 में से महज 7291 व्यापारी जीएसटी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करवा पाए हैं।
14 दिन में 1210 व्यापारियों ने कराया रजिस्ट्रेशन
30 अप्रैल तक 6081 व्यापारी ही जीएसटी रजिस्ट्रेशन करा पाए थे। एक से 15 जून तक सरकार की ओर से रजिस्ट्रेशन कराने का व्यापारियों को मौका दिया गया। उसके बाद 14 दिन में अब तक 1210 व्यापारी ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर पाए।
वर्जन
जिले के 7291 व्यापारी ही अब तक रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करवा पाए हैं। 15 जून के बाद व्यापारियों को जीएसटी रजिस्ट्रेशन नहीं हो सकेगा। एक जुलाई को जीएसटी लागू होने के बाद बगैर रजिस्ट्रेशन वाले व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
-अनिल कादियान, डीईटीसी (कराधान)
वर्जन
जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराने के लिए व्यापारियों को जागरूक भी किया गया और उसके लिए जागरूकता कैंप भी लगवाए गए। उसके बाद अधिकतर व्यापारियों ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। अब ऐसे व्यापारी रह गए हैं जो इस समय व्यापार नहीं कर रहे हैं।
-संजय सिंगला, प्रधान जिला व्यापार मंडल