सोनीपत। पुलिस ने नशा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग स्थानों पर छापा डाला। इस दौरान नशा कर रहे 16 लोगों को पकड़कर ओरल सब्सीट्यूट थैरेपी (ओएसटी) केंद्र में उपचार दिलवाया।
पुलिस प्रवक्ता रविंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को सेक्टर-27 थाना पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। टीम ने सिक्का कॉलोनी, दिल्ली कैंप व हुडा पार्क में नशा कर रहे लोगों को पकड़ा।
टीम ने 16 लोगों को पकड़कर नागरिक अस्पताल के ओएसटी केंद्र में उनका उपचार शुरू कराया। थाना प्रभारी सवित कुमार ने बताया कि नशा लोगों को शारीरिक रूप से कमजोर करने के साथ आर्थिक रूप से भी नुकसान पहुंचाता है। इससे परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच जाता है। उन्होंने नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही लोगों से भी इसके लिए सहयोग मांगा।
उन्होंने कहा कि अगर कोई आपके क्षेत्र में नशा तस्करी करता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस उसका नाम सार्वजनिक नहीं करेगी और उचित इनाम भी देगी। साथ ही कोई संदिग्ध दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत डायल 112 पर दें। संवाद