गोहाना। पंकज सांगवान का पार्थिव शरीर लेकर पहुंचे वायुसेना के अधिकारी साहिल भोटा ने कहा कि पंकज की शहादत पर उन्हें गर्व है। पंकज मेहनती होने के साथ ईमानदार भी था। वह सीनियर अधिकारियों के साथ जूनियर कर्मियों का भी सम्मान करता था। पूरी सेना उनके परिवार के साथ खड़ी है उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
साहिल भोटा ने कहा कि जहां पर विमान हादसाग्रस्त हुआ था वहां पर पहुंच पाना बहुत कठित था। मौसम खराब होने व भयानक जंगल उनके सामने बाधा बना रहा। लेकिन सेना ने अपने अभियान को जारी रखा था। सेना गांव के साथ पंकज के परिजनों को पूरा सम्मान देने का काम करेगी। इससे पहले भारतीय वायुसेना के (एयरमेन) एलएसी पंकज सांगवान का शुक्रवार को उसके गांव कोहला में राजकीय व सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वायुसेना के 51 अधिकारियों व जवानों का दल सांगवान के शव को तिरंगे में लेकर पहुंचा और सलामी के साथ उनका अंतिम संस्कार कराया। वायुसेना के जवानों ने राष्ट्र धुन के बाद तीन राउंड फायर कर पंकज को सलामी दी।