ऋषि कार्यशाला में नए साहित्य व ज्ञान से रूबरू होंगे विद्यार्थी: वीसी
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। एसआरएम यूनिवर्सिटी व विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वाधान में शुक्रवार को यूनिवर्सिटी परिसर में 15 दिवसीय ऋषि (रीजनल इनोवेशन हब फॉर इनोवेस्टर्स) कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यहां सबसे पहले वीसी डा. पी. प्रकाश, दिल्ली विवि से प्रो. अशोक कुमार प्रसाद, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सैमुअल राज, परीक्षा नियंत्रक विक्रम बरारा व कार्यक्रम संयोजक डा. अजीत कुमार ने सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया।
एसआरएम यूनिवर्सिटी के वीसी डा. पी. प्रकाश ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से छात्र-छात्राएं नए साहित्य व ज्ञान से रूबरू हो सकेंगे। मुख्य अतिथि डा. अशोक कुमार प्रसाद ने कहा कि इनोवेशन से हम ऐसे तरीकों को जीवन में अपनाएं, जिससे कुछ नया व उपयोगी साधन तैयार किए जा सके। यदि ऐसा होता है तो उद्योग, व्यवसाय एवं रोजगार को विकसित किया जा सकता है और इससे जीवन स्तर भी सुधरेगा। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अजीत कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम विज्ञान एवं तकनीक के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नए विचारों से परिचित कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे प्रशिक्षु भविष्य में ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे। यह आवासीय कार्यक्रम 29 जून तक चलेगा। सी4डी के निदेशक एवं डीन-एकेडमिक अफेयर्स प्रो. सैमुअल राज ने कहा कि कार्यशाला में चयनित छात्र-छात्राएं नवोन्मेष की तकनीक व शोध की बारीकियों को समझ सकेंगे और देश-दुनिया में हो रहे नए प्रयोगों से अवगत भी हो सकेंगे। विवि के परीक्षा नियंत्रक विक्रम बरारा ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।