आईटीआई समेत चार जगह मिला डेंगू लारवा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राठधना रोड पर स्थित राजकीय आईटीआई में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू लारवा चैक करने पहुंची। इस दौरान टीम में आईटीआई के कई ब्लॉकों का निरीक्षण। महिला विंग के ब्लॉक में पानी की टंकी को चैक किया। इस दौरान पानी के अंदर डेंगू लारवा मिला। हेल्थ इंस्पेक्टर संसार सिंह ने बताया कि इसी पानी को ही छात्राएं पीने में प्रयोग करती है। इसके बाद टीम ने महिला विंग के ब्लॉक के पास सीवर खुला पड़ा मिला। जहां पर काफी मात्रा में डेंगू लारवा मिला। इसके बाद टीम ने आईटीआई की कैंटीन का दौरा किया। कैंटीन में ट्रे में भरे पानी के अंदर लारवा मिला। इस दौरान टीम ने महिला विंग की इंचार्ज व कैंटीन संचालक को नोटिस जारी किए। साथ ही उन्होंने आईटीआई के अंदर आवासीय कालोनी का भी निरीक्षण किया, जहां टीम ने सब कुछ ठीक पाया। इसके बाद टीम ने आईटीआई के मैन गेट के पास पेयजल लाइन लीक होने से बह रहे पेयजल को चैक किया। यहां उन्होंने लोगों से बातचीत की। लोगों ने बताया कि यहां पानी पिछले कई दिनों से बह रहा है। गड्ढे में जमा पेयजल के अंदर डेंगू लारवा मिला। इसके बाद टीम ने आईटीआई बूस्टिंग स्टेशन पर नोटिस जारी किया। इस अवसर पर हेल्थ इंस्पेक्टर संसार सिंह, सतीश, विक्रम, राजेश, वजीर आदि मौजूद रहे।