फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहालगढ़ व बड़ौता में नामचर्चा घर सील, शांति भंग के प्रयास में 9 पर मामला दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत/राई। डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद हुई हिंसा पर हाईकोर्ट की ओर से डेरा प्रमुख की संपत्ति से नुकसान की पूर्ति करने के आदेश के बाद डेरा प्रमुख की संपत्ति को सील किए जाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। सोनीपत में शनिवार को दो नाम चर्चाघरों को सील कर दिया गया। इनमें बहालगढ़ व गोहाना के बड़ौता स्थित नामचर्चा घर शामिल हैं। बड़ौता के नाम चर्चा घर को सील करने के दौरान शांति भंग का प्रयास करने के आरोप में भंगीदास सहित नौ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। वहीं बहालगढ़ के नामचर्चा घर में मौजूद डेरा प्रेमियों को हिदायत देकर वहां से निकाल दिया गया। सील करने से पहले चर्चा घरों की तलाशी ली गई व वहां मिले सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। नामचर्चा घर को सील करते समय एसडीएम सुरेंद्र दून के साथ ही एएसपी डीके भारद्वाज, तहसीलदार कृष्ण व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नामचर्चा घरों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
विज्ञापन

प्रशासनिक अमला शनिवार को सोनीपत के नाम चर्चा घरों को सील करने की कार्रवाई में जुट गया। गोहाना के बड़ौता में नामचर्चा घर को सील करने के लिए एचएसईबी के अधिकारी धर्मबीर सिंह व डीएसपी राजीव कुमार अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पुलिस ने शांति भंग का प्रयास कर रहे गोहाना के भंगीदास डा.विनोद सैनी, पूर्व भंगीदास रमेश, पुराना बस स्टैंड के लाजपत, बरोदा रोड के सुरेश को काबू कर लिया गया। उनके खिलाफ सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं बरोदा थाना पुलिस ने गंगाना निवासी धर्मपाल, ओमप्रकाश, रमेश, सज्जन व थाना सदर में बड़ौता के मंजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। सभी को अदालत में पेश किया जाएगा।
बहालगढ़ का नामचर्चा घर भी किया सील
प्रशासनिक अमले ने बहालगढ़ के नामचर्चा घर को सील कर दिया। एसडीएम सुरेंद्र दून, एएसपी डीके भारद्वाज, तहसीलदार कृष्ण के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान नामचर्चा घर को सील किया गया। इस दौरान करीब सात एकड़ में फैले नामचर्चा घर की तलाशी भी ली गई। नामचर्चा घर परिसर स्थित ढाबे पर रखे खानपान के सामान को भी उठवा दिया गया है।
विज्ञापन

गोहाना के बाजार में रहा सन्नाटा
बस बंद होने व वाहनों का आवागमन न के बराबर होने के कारण गोहाना के बाजारों में सन्नाटा छाया रहा। दुकानदार दिन भर खाली बैठकर ग्राहकों का इंतजार करते रहे। दुकानदार का कहना है कि दो दिन से शहर में ग्राहक दिखाई नहीं दे रहे हैं।
रोहतक की ओर जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर
पुलिस रोहतक जाने वाले हर व्यक्ति पर नजर रखे हुए है। पुलिस द्वारा किसी भी ऐसे व्यक्ति को रोहतक की ओर नहीं जाने दिया जा रहा है, जो किसी भी प्रकार से डेरे से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने डेरे से जुड़े लोगों की पहले ही सूची तैयार कर ली है। करीब दो हजार लोग डेरा सच्चा सौदा से जुडे़ हुए हैं। इनमें से कुछ लोग पहले ही पंचकूला गए हुए हैं।

मिनी सचिवालय की बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस टीम ने मिनी सचिवालय परिसर की सुरक्षा को बढ़ा दिया है। गेट पर ही सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। हर आने जाने वालों पर निगरानी के साथ ही उसकी जांच करने के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। प्रशासन सुरक्षा को लेकर कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं हैं।
पुलिस व प्रशासन के सामने नामचर्चा घर से उठाया सामान
शनिवार को जब प्रशासन बहालगढ़ स्थित नामचर्चा घर को सील करने की तैयारी कर रहा था तो इसी दौरान कुछ डेरा प्रेमी वहां से सामान ले गए। पुलिस व प्रशासन के सामने ही बोरे में भरकर सामान को बाहर ले जाया गया। इतना ही नहीं डेरा परिसर स्थित सच ढाबे से फ्रिज, गैस सिलेंडर के साथ अन्य सामान भी भरकर फोर-व्हीलर में ले जाया गया।
हाईवे के ढाबों पर कम हुई भीड़
डेरा प्रमुख को दोषी करार दिए जाने के बाद हाईवे के ढाबों पर भी चहल-पहल कम हो गई। लोग घरों से नहीं निकल रहे है। जिसके चलते हाईवे पर भीड़ कम दिख रही है। हाईवे पर भीड़ की कमी के चलते ही ढाबों पर भी काफी कम लोग पहुंच रहे है।
बहालगढ़ व गोहाना के बड़ौता में नामचर्चा घर को सील कर दिया गया है। बड़ौता में शांति भंग के प्रयास में नौ पर मामला दर्ज किया गया है। किसी को कानून का उल्लंघन नहीं करने दिया जाएगा।
विज्ञापन

डीके भारद्वाज, एएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें