गोहाना। सहकारिता व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को तीन गांवों में डेढ़ करोड़ रुपये से कराए गए 15 विकास कार्यों का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुरुक्षेत्र आगमन और गुरु तेगबहादुर के 350वें बलिदान दिवस समारोह में लोगों को पहुंचने का न्योता दिया।
कैबिनेट मंत्री ने गांव भठगांव, लुहारी टिब्बा व जाजी में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी पहुंचे। ग्रामीणों की ओर से रखी गई मांगों के निदान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने भठगांव माल्यान में धानक चौपाल, खेतान पाने के श्मशान घाट, रोलान पाने की चौपाल, फरमाणा रोड से आनंद पुत्र हजारी के मकान तक गली, माल्यान पाने के श्मशान घाट, नहर आधारित स्वतंत्र जलघर व माल्यान पाले की सामान्य चौपाल का उद्घाटन किया।
उन्होंने पंचायत भठगांव डूंगरान में पार्क के नवनिर्मित रोड, पार्क के नवनिर्मित पैदलपथ, नंबरदार वाली गली, स्कूल मैदान में आईपीबी लाइन का उद्घाटन किया। कैबिनेट मंत्री ने पंचायत लुहारी टिब्बा में फिरनी, कम्युनिटी सेंटर, डहार वाले खेतों के रास्ते और जाजी में पार्क का उद्घाटन किया।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि गोहाना विधानसभा क्षेत्र में 18 सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। 16 सड़कों का निर्माण जारी है। छह महीने में छह करोड़ रुपये से नौ सड़कों का निर्माण पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोनीपत से भठगांव होते हुए फरमाना तक सड़क निर्माण के लिए 6.5 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं।
हर सामूहिक विकास परियोजनाओं को सिरे चढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं रहने दी जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व उनकी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा का फूलमालाओं से स्वागत किया।
उनके साथ भाजपा गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, दिल्ली से पूर्व विधायक पवन शर्मा, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष प्रदीप बड़वासनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय दहिया, सरपंच सविता, प्रियंका, अजय व पूजा भी उपस्थित रहे।