राखी से एक दिन पहले बाजार में उमड़ी भीड़, सड़कों पर लगा रहा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राखी पर्व से एक दिन पहले दिन भाई-बहनों के आवागमन के कारण हजारों वाहन सड़क पर उतर आए, जिससे जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई। जाम को खुलवाने व वाहनों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शहर के ओल्ड डीसी रोड और कच्चे क्वार्टर मार्केट के पास जाम लगा रहा। वहीं, मुरथल व बहालगढ़ रोड की हालत भी बदतर ही रही। देर शाम तक सड़कों पर वाहन रेंग-रेंगकर चले।
शनिवार को कुछ वाहन चालकों के खरीदारी के चलते वाहनों को सड़क पर ही खड़ा करने से हालात ज्यादा बिगड़ गए। वाहन चालक काफी देर से अपने गंतव्य की तरफ जा सके। बस स्टैंड के सामने व बहालगढ़ रोड पर हालत ज्यादा बदतर थी। यहां काफी देर तक वाहन फंसे रहे। गीता भवन रोड पर जाम के कारण वाहन चालकों को यहां से निकलने में तीन से चार गुना समय लगा। पुलिसकर्मी जगह-जगह वाहन चालकों को सड़क किनारे वाहन नहीं खड़ा करने की हिदायत देते नजर आए।
हाईवे पर भी बनी रही जाम की स्थिति
जीटी रोड पर जगह-जगह अंडरपास बनाए जाने के चलते सडक़ बंद किए जाने से भी जाम की स्थिति बनी रही। हाईवे पर वाहन रेंगकर चलते हुए नजर आए। शाम को स्थिति ज्यादा खराब हो गई। वाहन चालकों को गंतव्य तक जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सोशल मीडिया पर छाया रक्षाबंधन
दूर रह रहे परिजनों के साथ पर्व की खुशियां साझा करने के लिए युवा वर्ग ने फेसबुक व व्हाट्सएप का सहारा लिया है। पर्व से एक दिन पहले ही आकर्षक अंदाज में मैसेज कर अपनों को रक्षाबंधन की शुभकामना प्रेषित की गई। यही नहीं पर्व के दौरान ऑन-लाइन रहकर परिजनों के साथ खुशी मनाने के लिए योजनाएं बनाई गई हैं। इसके अलावा सोशल साइट पर भेजे जा रहे संदेशों में जहां युवकों को बहनों की रक्षा, सम्मान व इज्जत करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, तो ऑनलाइन राखियों की भी बुकिंग हो रही हैं।
राखियों पर चढ़ा राजनीतिक रंग
शहर के बाजारों में राखियों की दुकानें सज गई है। भाईयों की कलाई पर बांधने के लिए बहनें राखियां खरीद रहीं है। इस बार भी चाइनीज राखियों का बाजार पर दबदबा है। बड़ों से लेकर छोटे बच्चों तक की पसंद के लिए सभी प्रकार की राखियां दुकानों पर उपलब्ध हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के फोटो लगी रखियों से लेकर बच्चों के लिए छोटा भीम, डोरी मोन, स्पाइडर मैन, बेन-10 व पिकाचू की रखियां बाजार में उपलब्ध हैं।
मावे की मिठाई की हो रही बंपर बिक्री
रक्षा बंधन पर्व के अवसर पर मावे की मिठाई शगुन के तौर पर ले जाने का भी रिवाज है। हलवाई हट्टा स्थित दुकानदार रमेश कुमार ने बताया कि अन्य त्योहारों की तरह रक्षाबंधन में भी उनके पास काफी डिमांड आती है। इसे देखते हुए रक्षाबंधन के कई दिन पहले ही मिठाइयों के बनाने का काम शुरू कर दिया था। दूसरी ,तरफ शहर के कई जगहों पर ड्राइ फ्रूट की मार्केट भी सज गई है।
पूरे दिन बांधी जा सकेगी राखी
श्रावण मास की पूर्णिमा को भाई-बहन का त्योहार रक्षाबंधन मनाया जाता है। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा नहीं होने के कारण विशेष संयोग भी बन रहा है। इस बार रक्षा बंधन का पर्व पूरे दिन मनाया जाएगा। पंडित बिजेंद्र खेवड़ा ने बताया कि इस बार 11 घंटे तक राखी बांधने का समय है। कई स्थान पर राखी बांधने तक भाई और बहन दोनों उपवास रखते हैं। राखी बांधने के बाद बहन भाई को मिठाई खिलाती है और आशीर्वाद देती है, तो भाई अपनी बहन की सुरक्षा का वचन देता है। राहुकाल में राखी नहीं बांधी जाती।
अनुष्ठान समय : 05.59 से 17.25 बजे
अपराह्न मुहूर्त : 13.39 से 16.12 बजे
पूर्णिमा तिथि प्रारंभ - 15.16 बजे (25 अगस्त)
पूर्णिमा तिथि समाप्त : 17.25 बजे (26 अगस्त)
राहुकाल शाम काल 5.14 - 6.49 बजे तक
फोटो : 09 : रक्षाबंधन पर्व को लेकर कच्चे क्वार्टर बाजार में खरीदारी करती महिलाएं।
फोटो : 10 : रक्षाबंधन पर्व को लेकर बाजार में खरीदारी करती महिलाएं।
फोटो : 11 : रक्षाबंधन पर्व को लेकर कच्चे क्वार्टर बाजार में उमड़ी भीड़।
फोटो : 12 : रक्षाबंधन पर्व सेे पहले दिन ओल्ड डीसी रोड पर लगा जाम।