एनएचएम कर्मी हड़ताल का असर : अर्बन हेल्थ सेंटर पर टीकाकरण, न डिलीवरी, स्वास्थ्य सेवाएं ठप
- चिकित्सक व अकाउटेंट के अलावा नहीं कोई कर्मचारी, तीन दिन से डिस्पेंसरी बंद
- चिकित्सक मजबूरन दवा के लिए मरीजों को सिविल अस्पताल में भेज रहे
फोटो 01- हड़ताल के चलते खाली पड़ा हुआ अर्बन हेल्थ सेंटर
फोटो 02-महबूब निवासी गोहाना बाइपास
प्रदीप कौशिक
सोनीपत। गोहाना रोड पर छोटूराम धर्मशाला की बिल्डिंग में चल रहे अर्बन हेल्थ सेंटर में पिछले तीन दिन से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गई है और वहां मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। सेंटर में चिकित्सक जरूर है, लेकिन दवा देने व इंजेक्शन लगाने वाला कोई नहीं है। वहां तैनात 19 एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे है तो वहां से दो छुट्टी पर गए हुए है। वहां मरीजों को चिकित्सक की ओर से दवाएं पर्ची पर लिख दी जाती है और उन दवाओं को सिविल अस्पताल से लाने के लिए बोला जा रहा है। पिछले कई दिन से यह स्थिति देखकर मरीजों ने वहां जाना ही बंद कर दिया है और यही कारण है कि वहां बुधवार को टीकाकरण के लिए भी कोई नहीं पहुंचा।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से अर्बन हेल्थ सेंटर में 21 एनएचएम कर्मचारी तैनात किए गए है। पिछले तीन दिन से यहां से 19 कर्मचारी सिविल अस्पताल में धरना दे रहे हैं। उनमें आठ स्टाफ नर्स, आठ एएनएम, एक लैब टैक्निशियन, एक इंफोर्मेशन असिस्टेंट व एक आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर शामिल है, जबकि दो कर्मचारी छुट्टी पर चल रहे है। एक चिकित्सक के भरोसे ही अर्बन हेल्थ सेंटर को चलाया जा रहा है। इस कारण मरीजों को परेशानी हो रही है। यहां पर आने वाले मरीजों को चिकित्सक पर्ची पर दवा लिख देते है, लेकिन डिस्पेंसरी बंद होने पर दवा न मिलने से मरीजों को दिक्कत होती है।
आधा दर्जन कालोनियों के लोग है सेंटर पर आश्रित
अर्बन हेल्थ सेंटर में ईदगाह कालोनी, प्रगति नगर, इंडियन कालोनी, शास्त्री कालोनी व मलिक कालोनी के लोग इलाज कराने के लिए आते हैं। हड़ताल से पहले यहां पर करीब 100 से ज्यादा ओपीडी होती थी। यहां एनएचएम कर्मियों के हड़ताल पर जाने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डिलीवरी के लिए महिलाओं को सिविल अस्पताल में भेजा जा रहा है। कालोनियों में बुधवार को टीकाकरण पूरी तरह बंद रहा। सेंटर में तैनात एएनएम सप्ताह में प्रत्येक बुधवार को कालोनियों में बच्चों को टीकाकरण के लिए जाती थी, लेकिन हड़ताल के कारण वह टीकाकरण करने नहीं गई तो सेंटर पर भी कोई नहीं पहुंचा।
-
पत्नी गर्भवती, टीकाकरण का कार्ड नहीं बना
पत्नी को लेकर अर्बन हेल्थ सेंटर में आया था। चिकित्सक से गर्भवती के लिए टीकाकरण का कार्ड बनाने के लिए कहा तो उसने कर्मियों के हड़ताल पर जाने का हवाला दिया। उन्होंने कर्मचारियों के हड़ताल से वापस आने पर ही कार्ड बनाने की बात कही। महबूब निवासी गोहाना बाइपास
-
सेंटर में तैनात 19 कर्मचारी पिछले तीन दिन से हड़ताल पर गए हुए हैं। जिसके चलते सेंटर पर कोई काम नहीं हो रहा है। मरीजों को पर्ची पर दवा लिखकर सिविल अस्पताल में भेजा जा रहा है।
डा. राजेश कुमार, अर्बन हेल्थ सेंटर