अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि बागपत से जींद तक फोरलेन सड़क बनाने के लिए जल्द ही सरकार से बजट मंजूर करवाकर इस पर काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए संसद के शीतकालीन सत्र में बजट मंजूर करवाने का प्रयास करेंगे। वह शहर के विष्णु नगर में धर्मशाला का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। डी प्लान के तहत के तहत 10 लाख रुपये की लागत से धर्मशाला का जीर्णोद्धार किया गया है। सांसद रमेश कौशिक ने कहा कि कांग्रेसी काम कम करते थे जबकि बोलते ज्यादा थे। हमारी सरकार काम ज्यादा करा रही है तथा प्रचार कम कर रही है।
शनिवार को सांसद रमेश कौशिक ने गांव बिलबिलान से फरमाणा तक बनने वाली सड़क की आधारशिला रखी। इसके अलावा गांव आंवली में बनाए गए स्वास्थ्य केंद्र का लोकापर्ण किया। गांव रभड़ा में रेलवे स्टेशन से गांव तक बनने वाली सड़क की आधारशिला रखी। सांसद कौशिक ने रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा रेल कोच फैक्टरी को लेकर की गई टिप्पणी पर कहा कि हुड्डा सरकार ने जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करने के अलावा कुछ नहीं किया। यदि कांग्रेस कार्यकाल में रेल कोच फैक्टरी के लिए जमीन का अधिग्रहण कर उस पर काम किया जाता तो दीपेंद्र हुड्डा को लोगों के सामने झूठी बयानबाजी नहीं करनी पड़ती। इस मौके पर नप चेयरपर्सन रजनी विरमानी, पूर्व पार्षद राजू विरमानी, भाजपा के मंडलाध्यक्ष बलराम कौशिक व काफी संख्या में शहर के गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।