-सोनीपत में अभी तक किसी भी सेक्टर में नहीं लगाया गया था इतना भारी इनहांसमेंट
-इससे पहले आरजीईसी में लगाया गया था 2700 रुपये प्रति वर्ग मीटर इनहांसमेंट
-अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश से लगा इनहांसमेंट, सेक्टर 12 में आगे नहीं लगाया जा सकेगा
फोटो 16: सोनीपत हुडा कार्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
हुडा के सेक्टर 12 में रहने वाले लोगों को इस बार इतना भारी इनहांसमेंट देना पड़ेगा, जितना यहां अभी तक किसी भी सेक्टर में नहीं लगाया गया है। इस सेक्टर के 2352 मकान मालिकों को इनहांसमेंट की यह मार झेलनी पड़ेगी, जिनसे इनहांसमेंट की राशि वसूल करने के लिए नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। हुडा ने अभी तक लगभग 100 से ज्यादा मकान मालिकों को नोटिस भेज दिए हैं, जिससे वह इनहांसमेंट की राशि जमा करा सकें। उन पर 3409 रुपये प्रति वर्ग मीटर के आधार पर इनहांसमेंट लगाया जा रहा है। मकान मालिकों को इनहांसमेंट की राशि किश्तों में जमा करने की छूट दी गई है। लेकिन उस पर 15 प्रतिशत का ब्याज लगाया जाएगा।
हुडा ने सेक्टर 12 के लिए फाजिलपुर, गढ़ शहजानपुर की जमीन का एक दशक पहले अधिग्रहण किया था। वहां रेजीडेंसियल, स्कूल, कार्यालय आदि बने हुए हैं। इनमें 2152 सामान्य श्रेणी के मकान बने हैं तो ईडब्ल्यूएस के लगभग 200 मकान हैं। इनके अलावा 148 कमर्शियल प्रॉपर्टी हैं। इस सेक्टर के प्लाट खरीदारों को बाद होने वाली परेशानी का अंदाजा नहीं था। उन्हें लगातार इनहांसमेंट लगने पर उस प्लाट के बढ़े हुए रुपये जमा कराते रहना पड़ेगा। अब सेक्टर बसने के बाद एक बार फिर से वहां प्लाट लेने वालों को इनहांसमेंट की मार झेलनी पड़ेगी। वहां इनहांसमेंट भी सोनीपत का अभी तक का सबसे ज्यादा 3409 रुपये प्रति स्कवायर मीटर के हिसाब से लगाया जा रहा है। यह इनहांसमेंट की राशि वसूल करने के लिए ही हुडा ने 100 मकान मालिकों को नोटिस भेज दिया है। यह नोटिस रकम कर उल्लेख करते हुए सभी मकान मालिकों को भेजा जाएगा।
इससे पहले आरजीईसी में लगा था 2700 रुपये इनहांसमेंट
जितना इनहांसमेंट सेक्टर 12 में प्लाट लेने वालों पर लगाया गया है, उसे देखकर हुडा के अधिकारी भी चौंक गए हैं। क्योंकि वहां के लोगों पर लगाया गया 3409 रुपये इनहांसमेंट काफी ज्यादा है। इससे पहले सोनीपत में जीटी रोड पर बनाई गई राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में प्लाट लेने वालों पर 2700 रुपये प्रति स्कवायर मीटर इनहांसमेंट लगाया गया था। उस समय वह सोनीपत में सबसे ज्यादा इनहांसमेंट था। यह जरूर है कि ईडब्ल्यूएस वाले लगभग 200 मकान मालिकों को कुछ राहत दी गई है और उनपर 649 रुपये प्रति वर्ग मीटर के हिसाब से इनहांसमेंट लगाया गया है।
सुप्रीम कोर्ट से तय हुआ इनहांसमेंट, आगे नहीं लग सकेगा
ऐसा नहीं है कि सेक्टर 12 में पहली बार इनहांसमेंट लगा है, बल्कि वहां रहने वाले लोगों पर पहले भी इनहांसमेंट की मार पड़ चुकी है। पहले भी वहां के मकान मालिकों को मोटी रकम इनहांसमेंट के रूप में चुकानी पड़ी थी और अब फिर से उनपर यह मार पड़ गई। इससे पहले जिला कोर्ट, फिर हाईकोर्ट और अब सुप्रीम कोर्ट से इनहांसमेंट लगा है। यह जरूर है कि सेक्टर 12 में अब आगे कभी इनहांसमेंट नहीं लग सकेगा, क्योंकि इस बार इनहांसमेंट सुप्रीम कोर्ट से लगाया गया है।
किश्तों में 15 प्रतिशत ब्याज के साथ जमा कर सकेंगे
हुडा की ओर से सेक्टर 12 के लोगों पर इन्हांसमेंट जरूर लगा दिया गया है, लेकिन उनको हल्की राहत दी गई है। किस्तों में राशि जमा करने वालों को 15 प्रतिशत ब्याज के साथ जमा किस्त जाम करनी होगी। इस तरह हल्की राहत देकर भारी ब्याज की रकम भी मकान मालिकों से वसूल की जाएगी।
वर्जन
सेक्टर 12 में प्लाट व मकान मालिकों को इनहांसमेंट की रकम जमा करानी होगी, जहां 3409 रुपये प्रति स्कवायर मीटर के हिसाब से इनहांसमेंट लगाया गया है। इसके लिए नोटिस भेजा जा रहा है। यह रकम जमा कराने के लिए किश्त की सुविधा दी गई है।
विकास ढांडा, एस्टेट ऑफिसर हुडा