सोनीपत। गांव लहराड़ा में एक नाबालिग की शादी किए जाने की सूचना के बाद पहुंची जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी की टीम ने शादी को रुकवा लिया। शादी किए जाने की सूचना लड़की के पिता ने दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला महिला एवं बाल संरक्षण अधिकारी भानू गौड़ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव लहराड़ा में नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। बारात आने से पहले ही मौके पर पहुंचकर शादी को रोक दिया गया। मामले को लेकर लड़की के पिता ने पुलिस के पास 100 नंबर पर फोन कर इसकी सूचना दी थी। इतना ही नहीं लड़की के पिता ने अपनी पत्नी पर पैसे लेकर बेटी की शादी कराने का गंभीर आरोप भी लगाया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। भानू गौड़ ने बताया कि नाबालिग लड़की की शादी कराना कानूनन जुर्म है। इससे लड़की का भविष्य बर्बाद हो जाता है। लोगों को इस बारे में सचेत रहना चाहिए।