विधानसभा में अपनी बात रखते सोनीपत विधायक निखिल मदान। स्रोत : प्रवक्त
सोनीपत। विधानसभा के बजट सत्र में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालय में कार्य कर रहे लगभग 1400 अनुबंधित शिक्षकों को भी सेवा सुरक्षा विधेयक बनाकर उनकी नौकरी सुरक्षित करने का बिल पास किया जाए। इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
विधायक मदान ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से स्कूल, कॉलेज व पॉलिटेक्निक आदि शिक्षण संस्थानों के अनुबंधित शिक्षकों के लिए जॉब सिक्योरिटी एक्ट बनाकर उनका रोजगार सुरक्षित किया जा चुका है, केवल हरियाणा के विभिन्न विश्वविद्यालयों के लगभग 1400 अनुबंधित शिक्षक अभी तक जॉब सिक्योरिटी से वंचित हैं।
कहा कि इसके कारण उनके सामने निरंतर नौकरी खोने का खतरा बना रहता है। उनकी मांग है कि विश्वविद्यालयों के इन अनुबंधित शिक्षकों की जॉब सिक्योरिटी की प्रक्रिया में शीघ्रता लाते हुए इसे तत्काल एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने बताया कि एक प्रश्न पर जवाब देते हुए उच्च शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि उपरोक्त विषय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सरकार के संज्ञान में है और इस विषय में सरकार ने एक सदस्यीय कमेटी गठित की है। रिपोर्ट आते ही विवि में कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों को रिपोर्ट की अनुशंसा के आधार पर सेवा सुरक्षा प्रदान करने की कार्यवाही आगे बढ़ाई जाएगी।