संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रोडवेज अधिकारियों को पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन अधिक भागदौड़ करनी पड़ी। पहले दिन जहां 7143 अभ्यर्थियों के लिए विभिन्न जिलों में 124 बसें भेजी गई थीं, वहीं दूसरे दिन अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ने पर रोडवेज को बसों की संख्या बढ़ानी पड़ी। रविवार को बस अड्डे पर विभिन्न जिलों में जाने वाले 7436 अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए बस अड्डे से 135 बसें रवाना की गईं। पहली बस रेवाड़ी के लिए सुबह 3:30 बजे रवाना की गई। सोनीपत बस अड्डे से छह जिलों में बसें रवाना की गई। इनमें रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, करनाल व पानीपत शामिल हैं। बस अड्डे पर अभ्यर्थियों की दिनभर भारी भीड़ लगी रही।
संयुक्त पात्रता परीक्षा के लिए विभिन्न जिलों में जाने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार ने बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। इसके लिए बस अड्डे पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया था। अभ्यर्थियों ने विभिन्न जिलों में परीक्षा देने जाने के लिए बसों में एडवांस बुकिंग करवाई थी। परीक्षा को लेकर दूसरे दिन भी बस अड्डे पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। जिले से छह जिलों में परीक्षा देने के लिए जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए रविवार को 135 बसें रवाना की गईं। इसमें प्रातकालीन सत्र में सोनीपत डिपो से 78 बसें 4289 अभ्यर्थियों को लेकर रवाना हुईं। वहीं सायंकालीन सत्र की परीक्षा के लिए बस अड्डे से 57 बसें विभिन्न जिलों में भेजी गईं। इन बसों में 3147 अभ्यर्थियों ने निशुल्क यात्रा की। अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज अधिकारियों ने व्यापक प्रबंध किए थे।
8 रूटों पर 14 सिटी बसों ने लगाए 25 से अधिक फेरे
सीईटी देने के लिए विभिन्न जिलों से सोनीपत पहुंचे अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधा देने के लिए जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों की 200 बसें बुलाई थीं, जिन्हें पुलिस लाइन में खड़ा किया गया था। इनमें 14 बसों को सिटी सर्विस के लिए लगाया गया था। अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधा देने के लिए इन बसों को 8 अलग-अलग रूटों पर लगाया गया था। इन बसों में से कुछ ने शहर के अंदर बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर दो से तीन फेरे लगाए। वहीं कुछ बसों को गन्नौर व खरखौदा में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए रवाना किया गया। सिटी सर्विस के लिए लगाई गई 14 बसों ने दिनभर में 25 से अधिक फेरे लगाए।
प्रातकालीन सत्र : सोनीपत डिपो से ये बसें व अभ्यर्थी हुए रवाना
रूट बसों की संख्या अभ्यर्थी
फरीदाबाद 11 627
गुरुग्राम 10 507
पलवल 09 478
पानीपत 04 218
रेवाड़ी 06 330
करनाल 09 495
कुल 49 2655
प्रातकालीन सत्र : गोहाना सब डिपो से इतनी बसें हुई रवाना
फरीदाबाद 06 358
गुरुग्राम 05 228
पलवल 05 285
रेवाड़ी 07 418
करनाल 06 345
कुल बसें 29 1634
सायंकालीन सत्र : सोनीपत बस अड्डे से ये बसें हुई रवाना
फरीदाबाद 04 220
गुरुग्राम 04 220
पलवल 02 110
पानीपत 12 660
रेवाड़ी 06 330
करनाल 06 342
कुल 34 1882
सायंकालीन सत्र : गोहाना सब डिपो से चली बसें
फरीदाबाद 04 220
गुरुग्राम 04 220
पलवल 01 055
पानीपत 01 055
रेवाड़ी 04 220
करनाल 09 495
कुल 23 1265
संयुक्त पात्रता परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिले से अभ्यर्थियों के लिए 148 बसों का संचालन किया गया। इसमें से 124 बसें छह जिलों में रवाना की गई। जिनमें 7436 अभ्यर्थियों ने निशुल्क यात्रा का लाभ उठाया। वहीं 14 बसों को सिटी सर्विस के लिए लगाया गया है। जो दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को लेकर परीक्षा केंद्रों तक गई। इनमें से कुछ बसों ने शहर के अंदर बने परीक्षा केंद्रों तक दो से तीन फेरे लगाए तो वहीं कुछ बसों को गन्नौर व खरखौदा में बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक भेजा गया। इस दौरान लोकल रूट प्रभावित रहे, जिससे यात्रियों को थोड़ी परेशानी उठानी पड़ी। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, सोनीपत