फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत लोकसभा सीट पर 69.08 प्रतिशत मतदान, प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। लोकसभा सीट पर रविवार को 69.08 प्रतिशत मतदान हुआ। जिसके बाद सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। लोकसभा सीट पर शुरूआत में बूथों पर लाइन भले ही लंबी लग गई थी, लेकिन अधिकतर जगह मतदान देरी से शुरू होने के कारण ज्यादा लोग वोट नहीं डाल सके। जिस तरह से समय बढ़ता गया, उसी तेजी से मतदान प्रतिशत जरूर बढ़ता गया। जितने बूथों की देर रात तक रिपोर्ट जमा हुई थी, उनके आधार मतदान प्रतिशत 69.08 प्रतिशत रहा। जिसमें सबसे ज्यादा गोहाना में 74 प्रतिशत मतदान हुआ।
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव के लिए मतदान सेे पहले रविवार की सुबह मॉकपोल कराया गया। लेकिन जिले के 30 से ज्यादा बूथों पर ईवीएम मशीन ही नहीं चल सकीं, जबकि गर्मी के कारण बूथों पर सुबह 7 बजे से पहले ही लोग वोट डालने के लिए लाइन में लग गए थे। जिन बूथों पर ईवीएम मशीन नहीं चल सकीं, वहां लोगों को घंटों लाइन में खड़े होकर परेशानी का सामना करना पड़ा। इस तरह शुरूआत में 9 बजे तक मतदान प्रतिशत केवल 9.5 तक ही रहा। हालांकि उसके बाद स्थिति में सुधार होता गया और मतदान प्रतिशत रविवार की देर रात तक 69.08 प्रतिशत तक पहुंच गया। अधिकारियों के अनुसार कई बूथों की रिपोर्ट नहीं मिल सकी है, जिनके मिलने पर मतदान प्रतिशत में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं मतदान के बाद सभी बूथों से ईवीएम मशीनों को मोहाना के बीट्स कालेज में बने स्ट्रांग रूम में रखवाया गया है और वहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है।
सोनीपत के 1209 तो जींद के 562 बूथों पर हुआ मतदान
सोनीपत लोकसभा सीट की 9 विधानसभाओं में 1771 बूथ बनाए गए थे। जिनमें से सोनीपत में 1209 बूथ बनाए गए थे तो जींद में 562 बूथ बने थे। इनमें भी सोनीपत विधानसभा के 179 बूथ, खरखौदा के 188 बूथ, गन्नौर के 219 बूथ, राई के 195 बूथ, गोहाना के 205 बूथ, बरौदा के 223 बूथ, जुलाना के 199 बूथ, सफीदो के 190 बूथ तो जींद के 173 बूथों पर मतदान हुआ। गोहाना विधानसभा के बूथों पर ज्यादा लाइन दिखाई दी और लोग वोट डालने के लिए घरों से निकलकर आए।
विज्ञापन

कंट्रोल रूम से अधिकारियों की रही नजर
मतदान के दौरान जिले के सभी बूथों पर नजर रखने के लिए लघु सचिवालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया था। जहां तकनीकी विशेषज्ञों की टीम पूरा दिन तैनात रही। इस दौरान 70 मतदान केंद्रों को सीधे बैवकास्ट के जरिए जोड़ा गया था। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी पूरी निगरानी रखी गई। सभी विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए नियंत्रण कक्षों से लघु सचिवालय में बनाए गए केंद्रीय नियंत्रण कक्ष को जोड़ा गया था। हर छोटी से छोटी सूचना मिलने पर तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों को भेजा जा रहा था। ईवीएम में तकनीकी समस्याओं को भी सीधे नियंत्रण कक्ष से ही मॉनिटर किया गया।
प्रदेश की हॉट सीट पर प्रत्याशियों की धड़कन बढ़ी, 23 को फैसला
प्रत्याशी पिछले एक महीने से ज्यादा समय से दिन-रात मेहनत में लगे थे। हर कोई अपनी जीत के लिए भागदौड़ कर रहा था। सोनीपत लोकसभा सीट पर हर किसी की नजर टिकी हुई है, क्योंकि यह प्रदेश की सबसे हॉट सीट में शामिल है। इसका कारण है कि यहां से कांग्रेस से पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा खुद चुनाव लड़ रहे हैं तो भाजपा से सांसद रमेश कौशिक हैं। दोनों के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है, लेकिन जजपा के दिग्विजय चौटाला व इनेलो के सुरेंद्र छिक्कारा किसी की भी जीत में रोड़ा बन सकते हैं। अब मतदान होने के बाद प्रत्याशियों की धड़कनें ज्यादा बढ़ गई हैं और 23 मई को फैसले का इंतजार शुरू हो गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें