भूतपूर्व सैनिकों ने मनाया 85वां वायुसेना दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। भूतपूर्व सैनिक संगठन गन्नौर ने रेलवे रोड स्थित श्री विश्वकर्मा मंदिर धर्मशाला में 85वां वायुसेना दिवस समारोह मनाया। समारोह में ब्रिगेडियर श्रीभगवान सिंह, ब्रिगेडियर बीएस संधू, शोर्यचक्र से सम्मानित कर्नल मेहर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित हुए। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने वायुसेना के मार्शल अर्जन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन धारण किया। ब्रिगेडियर मेहर सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना दुनिया की चौथी सबसे ताकतवर वायुसेना है। भारतीय वायुसेना ने द्वितीय विश्व युद्ध के अलावा, आजाद होने के बाद पाकिस्तान और चीन के साथ हुए युद्धों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान सैनिक संगठन के सदस्यों ने गन्नौर में सीएसडी कैंटीन खुलवाने व ईसीएचएस की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग को उठाया। जिस पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वे इस मांग को बुलंद करने में उनका सहयोग देंगे, जिससे गन्नौर में सैनिकों के लिए दोनों सुविधाएं जल्द से जल्द उपलब्ध हो सके। इस मौके पर संगठन के ब्लाकाध्यक्ष ओमप्रकाश मलिक, सचिव सुबेदार राजपाल, सहसचिव डा. एसएस सहरावत, सुबेदार रणधीर मलिक, कैप्टन रिछपाल आदि मौजूद रहे।