आठ करोड़ से खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग का नवीनीकरण शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा। खरखौदा से वाया आसौदा-बहादुरगढ़ मार्ग का नवीनीकरण करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हो गया। सड़क के दोनों तरफ तीन-तीन फुट इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाई जाएंगी। 18 किमी लंबे मार्ग के नवीनीकरण के लिए तीन इंच तक बजरी-तारकोल बिछाया जाएगा। सड़क का नवीनीकरण होने से वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना नहीं पड़ेगा। वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग करीब डेढ़ साल से खराब हो चुका है। इसी मार्ग पर असौदा में एचपी का प्लांट व जसौर खेड़ी में न्यूक्लियर रिसर्च सेंटर होने के चलते भारी वाहनों का काफी आवागमन रहता है। साथ ही इस मार्ग के एक तरफ खरखौदा शहर में 3300 एकड़ में इंडस्ट्रीयल माडल टाउनशिप भी बन रही है। इस मार्ग के दोनों पर कच्ची सड़क (बरम) ठीक नहीं होने की वजह से भारी वाहन पलट जाते हैं। भारी वाहनों की इसी समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के दोनों तरफ तीन-तीन फीट तक इंटरलाकिंग टाइलें बिछाई जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर छोड़ा गया है।
मार्ग के नवीनीकरण होने से आधा दर्जन से ज्यादा गांवों को होगा फायदा
खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग पर बरौणा, पाई, किढौली, खुर्मपुर, असौदा, जसौर खेड़ी, निलोठी आदि गांव लगते हैं। इन गांवों के लोगों का खरखौदा व बहादुरगढ़ की ओर आना-जाना लगा रहता है। यहां सड़क का नवीनीकरण होने से वाहन आसानी से फर्राटा भर सकेंगे। इस सड़क के बन जाने से आधा दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को काफी सुविधा लगेगी।
वर्जन
खरखौदा-बहादुरगढ़ मार्ग को करीब सवा आठ करोड़ की लागत से दोबारा बनाया जाएगा। इस मार्ग केदोनों ओर तीन-तीन फीट की इंटरलाकिंग टाइलें बिछाई जाएंगी। इसके लिए खुदाई का काम शुरू हो गया है। जल्द ही सड़क बनाने का काम भी शुरू हो जाएगा।
-केएस पठानिया, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी बहादुरगढ़।