आंगनबाड़ी वर्करों ने शहर में निकाला जुलूस, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका यूनियन के बैनर तले शुक्रवार को मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर पंचायत भवन में एकत्रित हुई। इसके बाद उन्होंने लघु सचिवालय तक जुलूस निकाला। लघु सचिवालय पर पहुंचकर जिला राजस्व अधिकारी ब्रह्मप्रकाश को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।
हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के प्रदेशाध्यक्ष आरके नागर ने बताया कि 8 व 9 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी। जिसमें आंगनबाड़ी, मिड-डे-मील, आशा वर्कर सहित सभी विभागों के कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इसकी तैयारी के लिए 6 जनवरी को आम सभा होगी। यूनियन की राज्य प्रधान बिमला नैन ने कहा कि 28 जनवरी को संसद घेराव के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका जंतर-मंतर पर एकत्रित होगी। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन की जिला सचिव गीता देवी ने किया। इस दौरान राज्य महासचिव पुष्पा दलाल, एआईयूटीयूसी के जिला सचिव का. बलवान सिंह, रामकरण, प्रताप सिंह, अमित, सतबीर सिंह चौहान, रमेश कुमार, ध्रुव कुमार, लोक प्रकाश नागर, जगदीश, बंसीलाल, शीला मौन, बबली, शकुंतला, राजकुमारी, सरिता, सुमन, मंजु, कमला आदि मौजूद रहे।