मेरे खिलाफ बयान देने वालों की नहीं कोई हैसियत, ऐसे हालात पैदा कर देंगे ओपी चौटाला खुद कहेंगे इनेेलो आपकी: अजय चौटाला
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। इनेलो के प्रदेश प्रधान महासचिव डा. अजय चौटाला ने कहा कि जिन लोगों ने जींद में बैठक बुलाए जाने को अधिकृत नहीं होने की बात कही है, उन लोगों की मेरे खिलाफ बयान देने की कोई हैसियत ही नहीं है। ऐसे लोगों से सवाल होना चाहिए कि वह चार महीने पहले तक कहां थे जो अब इस तरह की बात कह रहे हैं। अजय चौटाला ने इनेलो की बैठकों के नियमों को लेकर कहा कि उनको पिछली मीटिंग की मिनट दिखाई जाए। अगर बयान देने वाले लोग ऐसा नहीं कर सकते हैं तो वह बयानबाजी की चेष्ट न करें।
सोनीपत में सेक्टर 15 में बिजेंद्र आंतिल के आवास पर पहुंचे डा. अजय चौटाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जींद आने का न्यौता दिया। इसके साथ ही कहा कि गोहाना की रैली में मंच से कहा गया कि भाजपा व कांग्रेस के लोगों ने माहौल खराब किया है। जब वह भाजपा व कांग्रेस के लोग थे तो इनेलो को खून-पसीने से सींचने वाले लोग दोषी कैसे हो गए और उनपर कार्रवाई किस आधार पर की गई है। अजय चौटाला ने कहा कि अब ऐसे हालात पैदा कर देंगे कि ओपी चौटाला खुद कहेंगे कि इनेलो आपकी है और अपनी इनेलो को आकर संभालो। कहा कि इनेलो ना मेरे बाप की बपौती है और ना उनके बाप की बपौती है, बल्कि इनेलो सबकी है जिन कार्यकर्ताओं ने इसे मुकाम तक पहुंचाया है। अजय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब 17 नवंबर का इंतजार करो और उस दिन सब साफ हो जाएगा। वहीं अजय चौटाला ने अपनी मां को सीएम प्रत्याशी घोषित करने के सवाल पर कहा कि वह गैर राजनीतिक है, लेकिन यह जरूर है कि वह विवाद में हस्तक्षेप करें तो यह खत्म हो जाएगा।
--
प्रकाश सिंह बादल का मान हमेशा रहेगा
डा. अजय चौटाला ने इनेलो की कलह को लेकर पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के हस्तक्षेप करने पर कहा कि वह उनके लिए सम्मानीय है। उनका वह पहले भी मान करते रहे हैं और आगे भी मान करते रहेंगे। वह चंडीगढ़ में प्रकाश सिंह बादल का आर्शीवाद जरूर लेंगे और जिस तरह की बात होगी, वह जल्द ही कार्यकर्ताओं के सामने होगी।
--
अजय चौटाला के साथ खड़े हुए बिजेंद्र आंतिल
इनेलो के प्रदेश प्रधान महासचिव अजय चौटाला ने मंगलवार को कई जगह कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की। अजय चौटाला सबसे पहले राई से विधायक रहे सूरजमल आंतिल के बेटे बिजेंद्र आंतिल के सोनीपत के सेक्टर 15 में आवास पर पहुंचे। जहां उनके स्वागत में भीड़ उमड़ पड़ी और वहां अजय चौटाला कार्यकर्ताओं से मिले। बिजेंद्र आंतिल ने अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला के साथ खड़े होने की बात कही तो अभय चौटाला ने उनका व अन्य कार्यकर्ताओं का आभार जताया कि वह इस समय उनके साथ हैं। इसके बाद अजय चौटाला बहालगढ़ रोड पर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पूर्व प्रधान राजसिंह दहिया के यहां पहुंचे और वहां कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात की गई। वहां से वह राई हल्के के पूर्व प्रत्याशी अजीत आंतिल के यहां पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की गई। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी बांगड़, जिलाध्यक्ष पदम सिंह दहिया, रमेश पहलवान बड़ौली, सुमित राणा, जयपाल कादियान, पूर्व जिलाध्यक्ष कुलदीप मलिक, ओम प्रकाश रसोई, बबीता दहिया, रणबीर खेवड़ा, जयपाल आंतिल, मंजीत खासा, संदीप मलिक माहरा आदि मौजूद रहे।