परियोजना वर्करों ने रखी हड़ताल, शहर में निकाला जुलूस
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राष्ट्रीय परियोजना वर्करों की समन्वय समिति के आह्वान पर परियोजना वर्करों ने बुधवार को हड़ताल रखी। इस दौरान सभी वर्कर काम बंद करके पंचायत भवन में रोष जताकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने शहर में जुलूस निकाला और बस अड्डे पर जाकर प्रदर्शन को समाप्त किया। जुलूस में आशा, मिड डे मील, आंगनबाड़ी वर्कर शामिल हुई।
यह जुलूस पंचायत भवन से छोटूराम चौक, रेलवे अंडरब्रिज, पुरखास अड्डा, गीता भवन चौक, देवीलाल चौक से होते हुए बस अड्डे तक निकाला गया। इस दौरान यूनियन नेताओं ने आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने परियोजना वर्करों की मांगों का समाधान नहीं किया तो 30 जनवरी को प्रदेशभर की जेलों को भरा जाएगा। सीटू के जिला प्रधान चंद्रभान एवं एआईयूटीयूसी के नेता इंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से अध्यक्षता की। पंचायत भवन में सभा को सीटू नेता आनंद शर्मा, जयभगवान दहिया, रामेहर शर्मा, रामकिशन नागर, विक्रम सिंह, सुरेश कुमार चौहान आदि ने संबोधित किया।
मांगों पूरी नहीं होने पर वर्करों ने निकाला जुलूस
गोहाना। जींद मार्ग पर जवाहर लाल नेहरू पार्क में बुधवार को आशा वर्कर, मिड-डे-मिल वर्करों की बैठक सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले हुई। बैठक में विचार-विमर्श करने बाद मांगों को लेकर वर्कर शहर में जुलूस निकाला। वर्करों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे बाजी करते हुए तहसील मार्ग, पुराना बस स्टैंड व अंबेडकर चौक तक पहुंच कर प्रदर्शन किया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के केंद्रीय कमेटी के सदस्य शीलक राम मलिक मुख्य वक्ता रहे। इस मौके पर रामनिवास आर्य, रामकरण शर्मा, रामनिवास परमार, देवेंद्र, सुनीता, सुमन, रेखा, कविता, पूजा, रोशनी आदि के अलावा वर्करों ने हिस्सा लिया।