अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना।
सामाजिक न्याय मोर्चा ने पंचायत से संसद तक आरक्षण की मांग को लेकर सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। मोर्चा के राष्ट्रीयाध्यक्ष रामकिशन सैन ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल तैयार किया जाएगा तथा आने वाले चुनाव में मोर्चा द्वारा अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा। मोर्चा द्वारा सरकार को 12 मांगों की सूची सौंपी गई है। उन्होंने अति पिछड़ा वर्ग के मसीहा कहलाने वाले कर्पूरी ठाकुर का फॉर्मूला लागू करने की भी मांग की।
रविवार को सोनीपत रोड पर नई सब्जी मंडी में आयोजित जन अधिकार रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशन सैन ने कहा कि अति पिछड़ा वर्ग अब शोषण सहन नहीं करेगा। इस वर्ग के लोग जाग चुके हैं। हमें किसी से कोई लड़ाई नहीं है और न ही कोई हमारा दुश्मन है। हम अपना हक मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी संख्या है। उसके आधार पर उसे उतना ही आरक्षण दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ठीक नहीं है तथा सरकार आर्थिक आधार पर आरक्षण देने का प्रावधान करने की योजना बना रहा है। सरकार ने आरक्षण के साथ छेड़छाड़ की तो सामाजिक न्याय मोर्चा चुप नहीं बैठेगा। रैली के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त सेशन जज जेएस जांगड़ा ने कहा कि अब तक की सरकारें इन वर्गों के हितों के साथ खिलवाड़ करती रही हैं। यही कारण है कि ये वर्ग पिछड़ते जा रहे हैं। इस मौके पर दरियाव सिंह कश्यप, महेंद्र पांचाल, गंगा सिंह, रामदिया प्रजापत, श्रीभगवान, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र बैरागी, मा. कल्याण सिंह, दिलबाग बाजवान व सत्यनारायण पांचाल समेत काफी संख्या में पिछड़ा वर्ग के लोग मौजूद रहे।
पिछड़ा वर्ग की धर्मशालाओं को बनाएंगे शिक्षा भवन
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशन सैन ने कहा कि सरकार के सहयोग के बिना भी अब पिछड़ा वर्ग के बच्चे आईएएस व आईपीएस बनेंगे। समाज के सभी अधिकारी व नेता व कर्मचारी मिलकर समाज के बच्चों को कोचिंग देंगे तथा इसके लिए प्रथम चरण में सोनीपत व भिवानी दो जिलों को चुना गया है। 17 फरवरी को कर्पूरी ठाकुर के परिनिर्वाण दिवस पर भिवानी से शुरूआत की जाएगी।