सोनीपत/खरखौदा। खरखौदा के दिल्ली रोड पर बाइपास स्थित प्रीतम फिलिंग स्टेशन पर बदमाशों ने दिनदहाड़े जमकर उत्पात मचाया। हथियारों से लैस होकर पहुंचे पांच बदमाशों ने महज तीन मिनट में ही पेट्रोल पंप कैशियर व अन्य ग्राहकों से हजारों की नकदी छीन ली। इतना ही नहीं बदमाश पेट्रोल पंप पर आए मैकेनिक से नकदी छीनने के साथ ही उसकी कार भी लूटकर फरार हो गए। पुलिस के नाकाबंदी करने के बाद बदमाशों ने गोपालपुर रोड पर कार को सुनसान जगह पर छोड़ दिया और फरार हो गए। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। भाजपा नेता प्रीतम खोखर के पेट्रोल पंप पर यह लूट की तीसरी वारदात हुई हैं। पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी की भी मदद लेगी।
वीरवार शाम को पांच हथियार बंद नकाबपोश बदमाश प्रीतम फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। चारों बदमाशों के पास पिस्तौल थी। उन्होंने आते ही कैशियर व पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य लोगों को बंधक बना लिया। कैशियर से करीब 32 हजार रुपये की नकदी छीन ली। इतना ही नहीं पेट्रोल पंप पर खराब इंनवर्टर को ठीक करने के लिए दिल्ली से आए मैकेनिक दर्शन से सात हजार व जसविंद्र से ढाई हजार रुपये, मोबाइल व एटीएम कार्ड लूट लिया। बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर आए खरखौदा निवासी विक्रम से दो हजार रुपये व दो अन्य लोगों से करीब पांच हजार रुपये छीन लिए। बाद में बदमाश दर्शन सिंह की ऑल्टो कार में सवार होकर फरार हो गए। बदमाशों ने महज तीन मिनट में वारदात को अंजाम दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद पेट्रोल पंप कारिंदों ने मामले की सूचना पेट्रोल पंप संचालक भाजपा नेता प्रीतम खोखर को दी। जिस पर पुलिस को अवगत कराया। मामले की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना प्रभारी वीरेंद्र शर्मा व सीआईए प्रभारी इंदीवर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जांच की। पुलिस वहां लगे सीसीटीवी की फुटेज लेने का प्रयास कर रही है। फुटेज निकालने के लिए कर्मियों को बुलाया गया है। पुलिस ने फिलहाल लूट का मामला दर्ज कर लिया है।
गोपालपुर रोड पर मिली लूटी गई कार
बदमाश पेट्रोल पंप से जिस कार को लेकर फरार हुए थे वह पुलिस को गोपालपुर रोड पर सुनसान स्थान पर मिली है। अंदेशा है कि लूट के बाद पुलिस की नाकाबंदी से निकालने के लिए बदमाशों ने कार को गोपालपुर रोड पर छोड़ दिया। वहां से वह पहले से ही खड़े अपने वाहनों पर सवार होकर या पैदल ही निकल गए होंगे। पुलिस मामले का सुराग जुटा रही है।
पेट्रोल पंप तीसरी बार बना निशाना
भाजपा नेता प्रीतम खोखर का पेट्रोल पंप तीसरी बार बदमाशों का निशाना बना है। इससे पहले भी बदमाश सितंबर, 2014 में 20 हजार रुपये व इसी वर्ष 14 जुलाई को 25 हजार रुपये लूटकर ले गए। पुलिस अभी तक उन बदमाशों का पता नहीं लगा सकी है।
दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर लूट की सूचना मिलते ही नाकाबंदी कर दी गई थी। जिसके बाद बदमाश लूटी गई कार को छोड़करफरार हो गए। उनका पता लगाया जा रहा है। पुलिस जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप कर देगी।
वीरेंद्र शर्मा, थाना प्रभारी खरखौदा।