सोनीपत। दहिया कॉलोनी में पांच माह पहले सैटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लि. फाइनेंस कंपनी में हुई 10 लाख रुपये की लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी गौरव व शुभम उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कंपनी प्रबंधक को बंधक बना हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
महिला ग्रुप को लोन देती है कंपनी
शहर की दहिया कॉलोनी स्थित सैटिन क्रेडिट केयर नेटवर्क लिमिटेड फाइनेंस कंपनी महिला ग्रुप को लोन देती है। 24 मार्च को सुबह करीब साढ़े 11 बजे फाइनेंस कंपनी में प्रबंधक विनय मौजूद थे। वहां लोन देने के लिए 10 लाख रुपये से अधिक की राशि स्थानीय शाखा में आई थी। सुबह सभी कर्मी मीटिंग के बाद अपने-अपने काम पर चले गए। इस बीच वहां मौजूद प्रबंधक विनय भी किसी काम से अपने कार्यालय का दरवाजा बंद कर बाहर निकल गए। कुछ देर बाद जब वह अपने कार्यालय में पहुंचे तो वहां चार युवक घुसे हुए थे। जहां युवकों ने उसे बंधक बना लिया। युवक कैश बाक्स से 10 लाख से अधिक की राशि लेकर फरार हो गए। जाते-जाते प्रबंधक को कमरे में ही बंद कर गए। दोपहर बाद जब कर्मचारी फील्ड का काम निपटा कर दफ्तर पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला था। शिकायत के बाद थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। सेक्टर-23 चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यूपी के हापुड़ जिले के गांव लाडपुर निवासी गौरव व पिलखुआ निवासी शुभम को गिरफ्तार किया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।