सोनीपत। जिले में बुधवार देर शाम आई आंधी की वजह से जनजीवन वीरवार रात और प्रभावित रहा। आंधी की वजह से 1200 पेड़ गिर गए। 275 खंभे टूटने के साथ 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी वजह से बिजली निगम को भारी क्षति पहुंची है। आंधी की वजह से कई स्थानों पर विद्युत लाइन में फाल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान 100 से ज्यादा गांवों में मंगलवार दोपहर तक 17 से 19 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई इलाकों में आंधी के तीन घंटे बाद ही बिजली बहाल हो गई थी।
आंधी से गन्नौर, गोहाना व खरखौदा क्षेत्र के कई गांवों में काफी नुकसान हुआ है। आंधी के बाद बिजली निगम के कर्मचारी लाइनों में फाल्ट को ढूंढते रहे। इससे लाइन को ठीक करने में समय लगा। बिजली निगम की टीम रातभर क्षेत्र में डटी रही। इस दौरान 33 केवी बिजली स्टेशन मदीना, कथूरा, रुखी, खंदराई, बड़ौता, बुसाना, बीपीएस, बिचपड़ी, महमूदपुर, एसपी माजरा, सरगथल, भैंसवाल कलां, फरमाणा, चटिया, सफियाबाद, सरढ़ाणा, खांडा व खेवड़ा वीरवार दोपहर तक बंद रहे। इससे 100 से ज्यादा गांवों में बिजली न होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ों के टूटने की सूचनाएं भी मिली हैं। इससे बिजली व्यवस्था बाधित हो गई थी। रात को बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के समय बिजली न होने के कारण लोगों को घरेलू काम निपटाने में बाधा आई। सुबह के समय इन गांव में पानी आपूर्ति भी नहीं हो सकी। बिजली सप्लाई शुरू होने का इंतजार कर रहे लोग बिजली निगम कार्यालय में फोन करते रहे। दोपहर में बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। दूसरी ओर रात के समय सड़काें और रास्तों पर पेड़ गिर जाने की वजह से भी कई जगह लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार शाम को आई आंधी से कई स्थानों पर पेड़ टूटकर तारों पर गिरने और खंभों के टूटने की शिकायतें मिली थीं। 275 खंभे और 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था बाधित हुई है। एक-एक फाल्ट को दूर करते हुए बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है। -गीतूराम तंवर, अधीक्षण अभियंता।
जिले में आंधी की वजह से करीब 1200 पेड़ गिरे हैं। वन दरोगा व वन कर्मियों की मदद से पेड़ों का उठान कराया जा रहा है। साथ ही मामले की सूचना मुख्यालय भी भेजी गई है। -रेनू बाला, उप वन संरक्षक अधिकारी।
फोटो 16: सोनीपत के गांव सैदपुर के पास नहर पर गिरा हुआ पेड़। स्रोत: वन विभाग