फोटो : रोहतक पीजीआई में उपचाराधीन रोहन के पास खड़ी उनकी दादी। स्रोत: परिजन
खरखौदा। गांव फरमाणा में ईंट भट्ठे पर हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालक गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा उस समय हुआ जब बालक एचटी लाइन के नीचे लगाए गए मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया। आसपास मौजूद लोगों ने जोखिम उठाकर उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
फरमाणा निवासी 12 वर्षीय रोहन मंगलवार शाम मोहाना मार्ग स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम देखने के लिए पास स्थित ईंट भट्ठे पर पहुंचा था। रोहन अन्य बच्चों के साथ खेलते हुए मिट्टी के ढेर पर चढ़ गया। बताया गया कि भट्ठे पर ईंट बनाने के लिए मिट्टी का ढेर लगाया गया था। यह ढेर वहां से गुजर रही एचटी लाइन के नीचे था जिसके कारण वह करंट की चपेट में आ गया।
उसे पहले फरमाणा के निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। गांव के सरपंच जगदीश ने बताया कि वह घायल बालक से मिलकर आए हैं। चिकित्सकों के अनुसार रोहन करीब 85 प्रतिशत झुलस गया है और उसका उपचार जारी है।
दादी करती हैं पालन-पोषण
घायल रोहन के पिता की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। दादा का निधन बीते वर्ष हुआ था। रोहन की मां उनके पिता की मौत के बाद ससुराल छोड़कर चली गई थी। अब बुजुर्ग दादी ही रोहन व उनकी बहन का पालन-पोषण करती हैं।
-
संज्ञान में जैसे ही एचटी लाइन के नीचे मिट्टी का ढेर लगाने का मामला आया था तो भट्ठा मालिक के नोटिस जारी कर दिया गया था। संबंधित को कई नोटिस दिए गए लेकिन मिट्टी नहीं हटाई गई। मौके का मुआयना कर भट्ठा मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखा जा रहा है।
कपिल, एसडीओ बिजली निगम
वर्जन
-बालक के करंट से झुलसने का मामला सामने आया है, फिलहाल वह उपचाराधीन है। मामले में शिकायत आने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-अनिल कुमार, प्रभारी, थाना खरखौदा
फोटो : रोहतक पीजीआई में उपचाराधीन रोहन के पास खड़ी उनकी दादी। स्रोत: परिजन