फोटो - फव्वार चौक पर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मारक, जहां नई रंगीन लाइटें लगाई जानी हैं। संवाद
गोहाना। दिवाली से पहले शहर के 12 चौक और सड़कें जगमग होंगे। चिह्नित चौकों पर नगर परिषद रंगीन व रोप लाइटें लगाएगा। लाइटें लगाने पर करीब 9.41 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटों की भी मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद ने टेंडर भी जारी कर दिया है।
शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने विभिन्न मुख्य सड़कों और चौराहों पर महापुरुषों एवं शहीदों के नाम से चौक बनाए हैं। इन चौकों पर महापुरुषों एवं शहीदों की प्रतिमाएं भी लगी हैं। विशेष दिनों में इन चौकों पर सामाजिक संगठनों और आम लोगों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। नगर परिषद ने शहर के सभी चौकों का सुंदरीकरण किया हुआ है।
नगर परिषद अब इन चौकों को और अधिक आकर्षक बनाएगा। इसके लिए 12 चिह्नित चौकों पर रंगीन लाइटें लगाई जाएंगी। इससे शहर के सभी चौक पर आकर्षक लाइटिंग से शहर का नजारा भी बदला हुआ नजर आएगा। इसके साथ ही सड़कों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की भी मरम्मत करवाई जाएगी। नगर परिषद ने यह कार्य दिवाली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा हुआ है।
एजेंसी को एक वर्ष तक करना होगा लाइटों का रखरखाव
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार चौकों पर नई रंगीन लाइटें लगाने के बाद उनका रखरखाव भी एजेंसी को ही करना है। रखरखाव की अवधि एक वर्ष की होगी। इससे पहले रंगीन लाइटें खराब होने पर मरम्मत एजेंसी अपने स्तर पर ही करवाएगी। इससे नगर परिषद को लाइटों की मरम्मत पर अलग से बजट खर्च नहीं करना पड़ेगा।
शहर में विभिन्न सड़कों पर बने चौकों को आकर्षक बनाने के लिए रंगीन लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए टेंडर जारी किया हुआ है। जल्द ही यह कार्य एजेंसी को आवंटित कर दिया जाएगा। इस कार्य पर करीब 9.41 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रोजेक्ट पूर्ण होने पर शहर के सभी चौक रात के समय आकर्षक नजर आएंगे।
रजनी विरमानी, अध्यक्ष, नगर परिषद, गोहाना