सोनीपत। उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर के दौरान सोमवार को 12 शिकायतें प्राप्त हुई। सभी शिकायतों पर सुनवाई करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का जल्द से जल्द निपटारा करने के लिए समाधान शिविर को आयोजन किया जाता है। इसमें सभी विभागों के अधिकारी शिकायतकर्ता को एक स्थान पर मिलते हैं।
ये शिकायतें आईं सामने
स्वर्ण जयंती पार्क, सांझा बाजार के तहत मिले केबिन में बिजली की व्यवस्था करवाने, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनवाने, लोन भरने उपरांत संबंधित बैंक की ओर से एनओसी न देने, मुरथल गांव की पंचायती भूमि का नाजायज फायदा उठाने, जमीन का इंतकाल करवाने, परिवार पहचान पत्र में त्रुटि को ठीक करवाने, पेंशन बनवाने व अन्य विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं।
गन्नौर में आयोजित शिविर में आई 6 शिकायतें
एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादयान की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें उपमंडल वासियों की विभिन्न समस्याओं को सुना एवं उनके समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिविर में 6 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसमें खेत के बीच से गुजर रहे बिजली के खंभे को हटाकर अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की गई। इसके अलावा गांव पुगथला निवासी की ओर एक निजी स्कूल के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई जिसमें छात्र को स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट जारी न करने का मामला सामने आया।