अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर।
सांसद के गोद लिए गए गांव दातौली के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि ठेकेदार ने कुछ खेत मालिकों के साथ मिलीभगत कर सड़क का कुछ हिस्सा पंचायती जमीन में बना दिया और उनके खेतों को बचा दिया गया। इस बारे में उन्होंने प्रशासन से भी जांच कराने की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को सड़क निर्माण कार्य बंद करवा कर अपना विरोध जताते हुए अदालत का दरवाजा खटखटाने की बात कही।
आदर्श गांव दातौली में सांसद रमेश कौशिक ने पानीपत जिला के बुढ़नपुर गांव तक की सड़क मार्केटिंग बोर्ड से पास करवाई थी। जिसके बाद सड़क की पैमाइश करवा कर ठेकेदार ने मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया। सड़क कुछ खेतों से होकर गुजरनी थी, लेकिन ठेकेदार ने संबंधित खेतों के मालिकों से सांठगांठ कर उनके खेतों को बचाते हुए पंचायती जमीन में सड़क निर्माण के लिए मिट्टी व रोड़े डलवा दिए।
ग्रामीण सुरेश शर्मा, जलभान गोस्वामी, सतेंद्र गिरि, सतपाल, देवेंद्र, सोमपाल व ऋषि ने बताया कि उन्होंने काफी दिन पहले एसडीएम को सड़क की पैमाइश करवाने का आग्रह किया था। इस पर उन्होंने तहसीलदार को इसकी पैमाइश करने के निर्देश दिए लेकिन तहसीलदार ने भी पैमाइश की जिम्मेदारी गिरदावर को सौंप दी। गिरदावर को पैमाइश करने के निर्देश मिलने के बावजूद उसने आज तक इस की पैमाइश नहीं की।
निर्माण कार्य की जांच में करेंगे सहयोग
सरपंच लोकेश गोस्वामी ने कहा कि सड़क निर्माण के बारे में उन्हें ग्रामीणों की तरफ से शिकायत मिली है। निर्माण कार्य की जांच के लिए प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।