गोहाना। भारतीय किसान यूनियन की एक बैठक अनाज मंडी के किसान रेस्ट हाउस में हुई। जिसमें किसानों ने यूनियन के नेता गुरनाम सिंह चढूनी की गिरफ्तारी व सरकार द्वारा सूरजमुखी की फसल की खरीद न किए जाने के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया तथा तहसीलदार डॉ. नरेश कुमार को ज्ञापन सौंप विरोध स्वरूप कोर्ट कांप्लेक्स पुलिस चौकी में चालीस किसानों ने गिरफ्तारी भी दी।
सोमवार को भाकियू के जिलाध्यक्ष रोहतास बेनीवाल के नेतृत्व में आयोजित बैठक में किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि सूरजमुखी की खरीदारी को लेकर किसान यूनियन लगातार किसानों के साथ मिलकर संघर्ष कर रही है। सरकार ने फसल की खरीद करने की बजाए भाकियू नेता गुरनाम सिंह व उनके साथियों को गिरफ्तार करके जेल में डाल दिया। जिससे प्रदेश के किसानों में रोष है। सूरजमुखी की खरीद न होने व भाकियू नेता को गिरफ्तार करने के विरोध में किसानों ने प्रदर्शन किया। रोहतास बेनीवाल ने बताया कि तहसीलदार को ज्ञापन सौंपने के बाद पुलिस को गिरफ्तारी दी गई है। पुलिस ने गिरफ्तार कर किसानों को अदालत में पेश किया। जहां उन्हे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
किसान बोले पानी की निकासी कराए सरकार
भाकियू कार्यकर्ताओं ने सरकार से अपील की कि क्षेत्र के गांव कथूरा, बनवासा, धनाना व घड़वाल समेत विभिन्न गांवों में खड़े बारिश के पानी को निकलवाने की किसानों द्वारा बार-बार गु़हार लगाए जाने के बाद भी आज तक पानी की निकासी नहीं हो पाई। इससे किसानों के सामने भूखों मरने की नौबत आ गई है। इस मौके पर कृष्ण, बलजीत नरवाल, धर्मबीर, मन्नू आवंली, सुभाष पंवार, रामनिवास और रोहतक जिला के प्रधान धर्मबीर हुड्डा के अलावा दर्जनों किसान मौजूद रहे।