अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
रक्तदान को महादान ऐसे ही नहीं कहा जाता है, बल्कि रक्तदान करने से समाज इंसान खुद भी स्वस्थ रहता है और उससे किसी दूसरे की जिंदगी भी बच सकती है। इसलिए इस महादान में हर किसी को अपनी भागीदारी करनी चाहिए। यह भागीदारी भी किसी समाजसेवा से कम नहीं होती है। इसके लिए ही 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस पर अमर उजाला फाउंडेशन, जिला रेडक्रास सोसायटी, लायंस क्लब सोनीपत, अभियान फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से रक्तदान कैंप का आयोजन किया जाएगा। आपदा प्रबंधन भवन में यह कैंप लगाया जाएगा, जिसमें सिविल अस्पताल की टीम रक्तदान कराने के लिए आएगी। डीसी केएम पांडुरंग इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ करेंगे।
आपदा प्रबंधन भवन में रक्तदान शिविर बुधवार को सुबह 8.30 बजे से लगाया जाएगा, जिसमें कोई भी आकर रक्तदान कर सकता है और समाज के लिए अमूल्य भागीदारी की जा सकती है। यह रक्तदान कैंप सभी को भागीदारी के लिए आमंत्रित करता है, जिसमें शिक्षण संस्थान, सामाजिक संस्थान, सरकारी संस्थान आदि सभी शामिल हो सकते हैं। डीसी केएम पांडुरंग के अनुसार रक्तदान करके समाज के बेहतर कार्य किया जा सकता है, क्योंकि खून का कोई दूसरा स्रोत नहीं है और यह स्वेच्छा से दान करने पर ही मिलता है। इसलिए हर किसी को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए।
स्वस्थ रहने के लिए करें रक्तदान
शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा हो जाने की वजह से मनुष्य का दिल और लीवर अस्वस्थ हो सकते हैं। यदि शरीर में आयरन की अतिरिक्त मात्रा है तो यह लीवर और किडनी में जमा होता रहता है। यह दिल और पाचन ग्रंथी में भी जाकर जमा हो जाता है। रक्तदान करने से शरीर में आयरन का स्तर नियंत्रित हो जाता है और बीमारियों से छुटकारा मिलता है।