अमर उजाला ब्यूरो
गन्नौर। शहर के रेलवे रोड स्थित शिव मंदिर पार्क के सामने शुक्रवार को युवाओं ने अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष यशपाल मलिक व भाजपा सांसद राजकुमार सैनी का पुतला जलाया। युवाओं ने यशपाल मलिक व राजकुमार सैनी पर प्रदेश का भाईचारा बिगाड़ने का आरोप लगाया।
युवाओं ने कहा कि यशपाल मलिक व राजकुमार सैनी ने सभी दलों से मिलकर प्रदेश के भाईचारे में जहर घोलने का काम किया है। उन्होंने लोगों से दोनों नेताओं के बहकावे में नहीं आने का आह्वान किया। उमेद, बलराम, विकास, कृष्ण, गौरव, कुलदीप, विजयपाल, अनिल, ऋतिक आदि ने कहा कि राजनीतिक दलों के इशारों पर लोगों को आपस में भिड़वाने का काम कर रहे हैं। जिन्होंने चंदे के रूप में मोटी रकम जमा कर ली है। उन्होंने कहा कि दशहरे पर बुराई का त्याग कर लोगों को एकजुट होकर रहने का संकल्प लेना चाहिए।