अब हुडा के सेक्टरों में अंगूठा लगाकर ट्रांसफर होंगे प्लॉट
हुडा ने पांच कामों के लिए शुरू किया बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम
प्लॉट ट्रांसफर, डेथ ट्रांसफर, रि अलॉटमेंट, मोरगेज, डी मोशगेज शामिल
अब 15 दिन की जगह बायोमीट्रिक अटेंडेंस लगाते ही 4 दिन में पूरी होगी कार्रवाई
प्लॉट धारकों के लिए किया गया बड़ा बदलाव, बिचौलियों से मिलेगा छुटकारा
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हुडा के सेक्टरों में प्लॉट ट्रांसफर समेत पांच कामों के लिए फाइल लेकर कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। बल्कि प्लॉट मालिकों को ऑनलाइन आवेदन करके केवल एक बार अंगूठा लगाने के लिए हुडा कार्यालय में जाना पड़ेगा। क्योंकि अब हुडा ने पांच कामों के लिए बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू किया है। इससे सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि पहले जिन कामों के लिए 15 दिन लग जाते थे, वाह केवल चार दिन के अंदर विभाग को करना पड़ेगा। वहीं बिचौलियों से पूरी तरह छुटकारा मिल जाएगा। इस तरह हुडा ने प्लॉट धारकों के लिए बड़ा बदलाव किया है।
हुडा में अभी तक सामान्य परिस्थिति में प्लॉट ट्रांसफर, डेथ ट्रांसफर, रि अलॉटमेंट, मोरगेज, डी मोरगेज के लिए प्लॉट धारकों को कार्यालय में फाइल जमा करानी पड़ती थी। उसके बाद भी कई बार चक्कर काटने पड़ते थे और इस चक्कर काटने की प्रक्रिया से बचने के लिए बिचौलियों का सहारा लेना पड़ता था। इस पूरी प्रक्रिया से प्लॉट धारकों को छुटकारा दिलाने के लिए ही हुडा ने बायोमीट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू कर दिया है। इसके तहत किसी भी प्लॉट धारक को प्लॉट ट्रांसफर समेत पांच काम कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ेगा। उसके बाद केवल एक बार हुडा कार्यालय में जाकर अपनी बायोमीट्रिक अटेंडेंस लगानी पड़ेगी। यह अटेंडेंस लगाने के बाद प्लॉट धारक का काम खत्म हो जाएगा और उसने जिस काम के लिए आवेदन किया है, वह केवल चार दिन के अंदर हो जाएगा। यह चार दिन भी केवल इसलिए लगाए जाएंगे, जिससे हुडा के अधिकारी ऑनलाइन जमा कराए कागजातों की जांच करा सके। इससे ज्यादा समय किसी भी हालत में नहीं लगाया जाएगा, क्योंकि एक बार बायोमीट्रिक अटेंडेंस लगते ही उसका रिकार्ड मुख्यालय में पहुंच जाएगा। ऐसे में जिले के कार्यालय में काम को नहीं रोका जा सकता है।
--
हुडा के प्लॉट धारकों को प्लॉट ट्रांसफर, डेथ ट्रांसफर, रि अलॉटमेंट, मोरगेज, डी मोरगेज के लिए ऑनलाइन आवेदन करके केवल बायोमीट्रिक अटेंडेंस लगाने के लिए कार्यालय में आना पड़ेगा। इससे प्लॉट धारकों को कई फायदे होंगे, क्योंकि उनका 15 की जगह 4 दिन में काम हो जाएगा तो उस काम के लिए बार-बार जानकारी नहीं करनी पड़ेगी।
-विजय राठी, एस्टेट ऑफिसर हुडा