सोनीपत/गोहाना। बरोदा थाना पुलिस ने गांव घड़वाल के दुकानदार राजबीर की गोली मारकर हत्या करने की घटना में संलिप्त एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी घड़वाल निवासी बिजेंद्र उर्फ मंगली है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। इस मामले में नौ आरोपियों को पहले काबू किया जा चुका है। गांव घड़वाल निवासी राजबीर ने गोहाना शहर में महम रोड पर इन्वर्टर की दुकान कर रखी थी। वह 29 दिसंबर, 2016 को दुकान बंद करके कार में सवार होकर गांव लौट रहा था। राजबीर जब गांव बनवासा व कोहला के बीच पहुंचा था तो दूसरी कार में सवार हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसा कर मौत के घाट उतार दिया था। राजबीर के भाई सतबीर की शिकायत पर पुलिस ने गांव घड़वाल निवासी कुलदीप, जगदीश, जितेंद्र, जगजीत, अनीता, नीता, नीरज, पूनम व चार-पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस राजबीर की हत्या के आरोप में जितेंद्र उर्फ कुकी, पूनम, लक्ष्मी, जगजीत, अमन, मोहित, पंकज, दीपक व नसीब को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। पुलिस ने अब मामले में आरोपी बिजेंद्र उर्फ मंगली को काबू किया है। आरोपी को एसआई महेंद्र ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त आई-10 कार को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी ने राजबीर का मोबाइल फोन बरामद करना है।