सोनीपत। मुरथल स्थित ओमेक्स सिटी में अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए आबकारी एवं कराधान विभाग ने तीन गाड़ियों में भरकर लाई गई 224 पेटी शराब बरामद की है। वहां से एक गाड़ी चालक को भी काबू किया है। उसके खिलाफ मुरथल थाना में मामला दर्ज कराया गया है। आबकारी विभाग के निरीक्षक कृष्ण सिंह ने पुलिस को बताया कि सूचना मिली थी ओमेक्स सिटी में अवैध शराब की बिक्री होती है। शराब को गाड़ियों में भरकर यहां लाया जाता है और उनकी बिक्री की जाती है। इस धंधे का पर्दाफास करने के लिए योजना बनाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए ओमेक्स सिटी में दो फोर-व्हीलर व एक कार में भरी कुल 224 पेटी शराब बरामद की। शराब को ई-ब्लाक से बरामद किया गया। पुलिस ने वहां से एक गाड़ी चालक यूपी के जिला मेरठ के गांव सुरानी निवासी संजीत को पकड़ लिया। अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शराब व बरामद गाड़ियां के साथ पकड़े गए आरोपी को मुरथल थाना पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।